एसपी चीफ ने कहा – PDA से उन्हें पेट में दर्द, IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर तंज, बोले- ईमानदार अधिकारियों को काम नहीं करने दिया जा रहा,अद्भुत बिल्डिंग बेच सकते हैं, इतना बड़ा सोच नहीं सकते
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, महंगाई, कानून-व्यवस्था और सरकारी संपत्तियों को लेकर तीखा हमला बोला। सपा प्रदेश मुख्यालय में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में सरकारी योजनाओं और निर्माण कार्यों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर सपा सरकार बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर शुरू कराएगी।
भाजपा जाएगी, तब बड़ी सोच आएगी

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में जेपीएनआईसी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपाई ऐसी सिग्नेचर बिल्डिंग को केवल बेच सकते हैं, उतना बड़ा सोच नहीं सकते। उन्होंने लिखा- ‘भाजपा जाएगी, बड़ी सोच आएगी।’ प्रेस कांफ्रेंस में भी उन्होंने जेपीएनआईसी की बिक्री पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि इसकी पार्किंग और कैफे से ही पर्याप्त आय हो सकती थी।
भाजपा पर लूट और भ्रष्टाचार के आरोप

एसपी चीफ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में योजनाओं और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने जल जीवन मिशन, एक्सप्रेस-वे और सड़कों की स्थिति का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए।अखिलेश ने कहा कि सत्ता में आने पर समाजवादी पार्टी पीडब्ल्यूडी का ऑडिट कराएगी और इससे कथित गड़बड़ियों की जानकारी सामने आएगी। उन्होंने भाजपा को ‘धन्ना सेठों की पार्टी’ बताते हुए आरोप लगाया कि गरीबों से पैसा लेकर बड़े कारोबारियों तक पहुंचाया जा रहा है। मुख्यमंत्री की छवि सुधारने के लिए कथित तौर पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाने के आरोप पर भी उन्होंने तंज कसा और कहा कि 70 हजार करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी छवि नहीं सुधरेगी।
26 हजार बंद स्कूल फिर खोलने का वादा
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को फिर चालू कराया जाएगा। उन्होंने 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं तथा सरकारी अस्पतालों में दवाओं और इलाज की उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए।
कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा

सपा प्रमुख ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दूसरे राज्यों के गैंग और अपराधियों के उत्तर प्रदेश में आने का दावा करते हुए हाल की आपराधिक घटनाओं का हवाला दिया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा में छह साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। अखिलेश यादव ने पुलिस व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार और अपराधियों को संरक्षण देने के आरोप लगाए। ये सभी आरोप सपा प्रमुख के राजनीतिक दावे हैं। संबंधित आरोपों पर सरकार या भाजपा की प्रतिक्रिया आने पर तस्वीर और स्पष्ट होगी।
खंगार समाज को राजनीतिक भागीदारी का भरोसा
सपा मुख्यालय में महाराजा खेत सिंह खंगार की जयंती के कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने खंगार-अर्कवंशी समाज को राजनीतिक सम्मान और भागीदारी देने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर समाज को सत्ता और संगठन में उचित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। उन्होंने गोमती रिवरफ्रंट पर महाराजा खेत सिंह खंगार की अष्टधातु प्रतिमा लगाने का भी वादा किया। अखिलेश ने जातीय जनगणना की पैरवी करते हुए कहा कि आबादी के अनुपात में सभी वर्गों को हक और सम्मान मिलना चाहिए।उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर जातीय जनगणना कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
PDA से उन्हें पेट दर्द है
सपा प्रमुख ने अपने PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि PDA से कुछ लोगों को परेशानी है, जबकि सपा प्रगतिशील सोच के साथ सभी को साथ लेकर चलना चाहती है।उन्होंने छात्र-छात्राओं को लैपटॉप देने की सपा सरकार की योजना का भी उल्लेख किया।
IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर भी तंज
उन्होंने IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि उत्तर प्रदेश में ईमानदार अधिकारियों पर विभिन्न तरह के दबाव बनाए जा रहे हैं। इनमें कथित तौर पर कमीशनखोरी, ट्रांसफर-पोस्टिंग, टेंडर और विपक्ष पर मुकदमे जैसे आरोपों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ईमानदार अधिकारियों के बिना शासन -प्रशासन नहीं चल सकता।
किसानों और महिलाओं को लेकर भी किए वादे
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की पेंशन देने की योजना लागू की जाएगी। उन्होंने किसानों और विभिन्न सामाजिक वर्गों को आबादी के अनुपात में सम्मान और भागीदारी देने की बात कही।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
