एसपी चीफ ने महंगाई-रोजगार पर सरकार को घेरा, वंदे मातरम् के मुद्दे पर भाजपा पर लगाया जनता को भटकाने का आरोप, चीनी की महंगाई और सड़कों की गुणवत्ता पर भी साधा निशाना
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया। लखनऊ स्थित सपा के राज्य मुख्यालय में कार्यकर्ताओं और विभिन्न जिलों से आए नेताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन मुकाबला समाजवादी पार्टी और भाजपा के बीच ही होगा। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा सरकार को हटाना चाहती है।
वंदे मातरम् के मुद्दे पर भाजपा को घेरा
उन्होंने भाजपा पर जनता को असली मुद्दों से भटकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और जनसमस्याओं से ध्यान हटाने के लिए वंदे मातरम् जैसे मुद्दों में लोगों को उलझाया जा रहा है। उनका कहना था कि भाजपा जनता को वास्तविक समस्याओं से दूर रखना चाहती है।
चीनी की कीमत और महंगाई पर निशाना
सपा अध्यक्ष ने महंगाई को लेकर भी सरकार पर हमला बोला।उन्होंने कहा कि त्योहार के समय महंगाई और बढ़ गई है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि अपने लोगों को मुनाफा पहुंचाने के लिए चीनी महंगी की गई है और सरकार को आम जनता की चिंता नहीं है। उन्होंने खाद की समस्या को लेकर भी सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि पहले बोरी में खाद चोरी होने की बात सामने आती थी, अब पूरी बोरी ही गायब हो गई है।
लखनऊ में भैंस जब्त करने का मुद्दा उठाया
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ के बुद्धेश्वर में पशुपालकों की समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम ने पशुपालकों की करीब 350 भैंसें जब्त की हैं, और डेयरी संचालकों को परेशान किया जा रहा है।उन्होंने सरकार से पशुपालकों के साथ हो रहे कथित अन्याय को रोकने की मांग की।
एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार के विकास कार्यों पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने गोरखपुर एक्सप्रेस-वे, गंगा एक्सप्रेस-वे और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे का जिक्र करते हुए सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। अखिलेश ने दावा किया कि जगह-जगह सड़कें उखड़ने और धंसने की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति से सरकार के विकास के दावों पर सवाल खड़े होते हैं।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की स्थिति पर सरकार को ध्यान देना चाहिए और बच्चों को गर्म खाना मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी सरकार के समय खरीदे गए बर्तन आज भी इस्तेमाल हो रहे हैं और दस साल पुराने गिलास तक स्कूलों में चल रहे हैं।
राम मंदिर मामले का उठाया मुद्दा
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने राम मंदिर से जुड़े धन की कथित चोरी के मुद्दे को भी उठाया।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग राम मंदिर में चोरी कर सकते हैं तो चुनाव में बेईमानी करने के लिए किसी भी सीमा तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा की नीतियों और कार्यप्रणाली से परेशान है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि “आरक्षण था, आरक्षण है और आरक्षण आगे भी रहेगा।”
हरदोई से लखनऊ साइकिल यात्रा कर पहुंचे कार्यकर्ता
इससे पहले अखिलेश यादव ने सपा मुख्यालय में हरदोई से साइकिल यात्रा कर पहुंचे 17 सदस्यीय दल से मुलाकात की। अंकुल यादव, छात्र सभा के उपाध्यक्ष, के नेतृत्व में यह दल 16 अगस्त को हरदोई से रवाना हुआ था। साइकिल यात्री सवायजपुर, बालामऊ और संडीला होते हुए 20 अगस्त को लखनऊ पहुंचे। सपा के मुताबिक यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों का प्रचार किया और 2027 में अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए अभियान चलाने का संकल्प लिया। अखिलेश यादव ने साइकिल यात्रियों को बधाई दी और उनका उत्साह बढ़ाया।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
