मुरादाबाद : मुरादाबाद के अकबरपुर क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में चार बच्चों की हत्या के मामले ने उस वक्त नया मोड़ ले लिया, जब रविवार शाम उनकी मां गासिया खातून का शव घर से करीब 100 मीटर दूर एक नाले में मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज भेज दिया। अब तक इस मामले में हत्यारोपी मानी जा रही महिला की मौत के बाद कई नए सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं परिवार के लोग इसे हत्या करार दे रहे हैं।
बताया गया कि शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सऊदी अरब में काम करने वाले नियाज के चार बच्चों 14 वर्षीय शफीक, 12 वर्षीय सऊद, 10 वर्षीय उमर और 8 वर्षीय बेटी बयान उर्फ सादिया की घर में ही किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से ही उनकी मां गासिया खातून लापता थीं, जिससे पुलिस का शक उन्हीं पर गया और उन्हें मुख्य आरोपी मानते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया था कि पति नियाज के सऊदी अरब में दूसरी शादी करने को लेकर गासिया खातून के साथ विवाद चल रहा था। इसी आधार पर बच्चों के बड़े ताऊ सलीम की तहरीर पर पुलिस ने महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
रविवार को बच्चों को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के कुछ ही घंटों बाद शाम करीब पांच बजे नाले में महिला का शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना पर एएसपी पश्चिमी हरेंद्र कुमार, सीओ सिटी नितीश कुमार तिवारी और इंस्पेक्टर श्रीनिवास पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत शव को बाहर निकलवाकर पहचान के लिए परिजनों को तस्वीर भेजी, जिसके बाद उसकी पुष्टि हुई। महिला का शव मिलने के बाद पूरे मामले की दिशा बदल गई है। पुलिस के अनुसार, शव पर किसी भी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। ऐसे में अब जांच दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
एसपी प्राची सिंह ने बताया कि घटनास्थल के पास ही नाले में शव मिला है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच कर रही है और जल्द पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही जा रही है।
फिलहाल, इस दोहरे घटनाक्रम ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक तरफ चार मासूम बच्चों की हत्या, और दूसरी ओर उनकी मां का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलना—इन दोनों घटनाओं ने कई अनुत्तरित सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब जांच के बाद ही सामने आएगा।
