बरेली: खुद को जीएसटी अधिकारी बताकर एक शातिर ठग ने बरेली के फरीदपुर से इटावा जा रहे ट्रक को रास्ते में रोक लिया और सीज करने की धमकी देकर ट्रक मालिक से 10 हजार रुपये वसूल लिए। सोमवार को पीड़ित पक्ष ने एसएसपी को शिकायती पत्र देकर पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
फरीदपुर से इटावा जा रहे ट्रक को रास्ते में रोका
फरीदपुर औद्योगिक संघ के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह के अनुसार उनकी बहन रिचा मोंगा निवासी शाहजहांपुर का लकड़ी लदा ट्रक रविवार दोपहर इटावा जा रहा था। रास्ते में एक व्यक्ति ने खुद को जीएसटी अफसर बताते हुए ट्रक रोक लिया। उसने ट्रक को सीज करने की धमकी दी और एक लाख रुपये जुर्माने की मांग करने लगा।
फोन पर हुई बातचीत से हुआ शक
गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उनकी बहन ने फोन पर उन्हें स्थिति की जानकारी दी और कॉन्फ्रेंस कॉल पर आरोपी से बात कराई। बातचीत के दौरान फर्जीवाड़े की आशंका होने पर उन्होंने फोन काटकर दोबारा आरोपी के नंबर पर कॉल किया। कॉलर आईडी पर “जीएसटी अफसर डीएस उपाध्याय” लिखा हुआ दिखा। कुछ देर बाद बहन ने फिर फोन करके बताया कि अब वह 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है।
फर्जी अफसर ने 10 हजार रुपये ऑनलाइन ठगे
मामले की पुष्टि के लिए गुरप्रीत सिंह ने इटावा के अपर आयुक्त ग्रेड-2 से बात की, जिन्होंने किसी जांच या कार्रवाई से इनकार किया। इस बीच फर्जी अफसर ने गाड़ी छोड़ने के नाम पर 10 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवा लिए। पैसे एक क्यूआर कोड के माध्यम से भेजे गए, जिसमें नाम रत्नेश पटेल लिखा था।
प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
गुरप्रीत सिंह ने इस पूरे प्रकरण की जानकारी जीएसटी अधिकारियों, मुख्यमंत्री कार्यालय, प्रमुख सचिव (राज्य कर) और जिलाधिकारी बरेली को भी भेज दी है। उन्होंने मांग की है कि फर्जी जीएसटी अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने वाले आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाए।
