एक ही दिन में दो बड़े हादसे, चीख-पुकार से दहला मथुरा
मथुरा/लखनऊ : यूपी के यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 140 के पास शनिवार तड़के करीब 3 बजे, नोएडा से आगरा जा रही एक ईको गाड़ी को अज्ञात वाहन ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और आगरा के एक कारोबारी, उनके दो बेटों समेत 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसमें मृतकों की पहचान आगरा जिले के हरलालपुरा निवासी धर्मवीर, उनके रोहित और आर्यन, मध्य प्रदेश के बढ़पुरा हुसैद, महोबा निवासी दलवीर उर्फ छुल्ले, पारस सिंह तोमर के रूप में हुई है, जबकि मृतक धर्मवीर की पत्नी सोनी, पुत्री पायल हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।
नींद में था ड्राइवर, पलटी यात्रियों से भरी बस, 29 लोग घायल
कुछ ही देर बाद, माइलस्टोन 131 पर दिल्ली से भिंड (मध्यप्रदेश) जा रही एक प्राइवेट बस ड्राइवर के झपकी लेने से असंतुलित होकर पलट गई। बस में करीब 60-65 यात्री सवार थे। इसमें घायल यात्री अक्षय, पूजा पुत्री रामवृक्ष, मोनू रावत पुत्र मुंशी रावत, राहुल रावत पुत्र बाबूलाल आदि की पहचान हुई है। इनमें से तीन की हालत गंभीर है। सभी घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया और अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहन से गंतव्य की ओर रवाना किया गया। बलदेव थाना प्रभारी रंजना सचान और क्षेत्राधिकारी संजय कुमार राय ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने में जुटी है।
हाइवे अथॉरिटी ने की अपील
हाईवे ड्राइवर्स पर्याप्त नींद लेकर ही यात्रा करें। अत्यधिक गति, झपकी और लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है। प्रशासन को लगातार पेट्रोलिंग और ऑटोमेटेड ट्रैफिक अलर्ट सिस्टम दुरुस्त करने की ज़रूरत है।
