बरेली : पासपोर्ट बनवाने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय बरेली ने बढ़ती भीड़, लंबी वेटिंग और तेजी से बढ़ते ऑनलाइन आवेदनों को देखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब नगीना, बिजनौर, रामपुर और पीलीभीत में पासपोर्ट स्लॉट दोगुने कर दिए गए हैं, जबकि सम्भल जिले में पहली बार पासपोर्ट मोबाइल वैन लाई जा रही है। नई व्यवस्था 24 नवंबर 2025 से लागू होगी।
चार जिलों में दोगुनी स्लॉट क्षमता- अब आसानी से मिलेगा अपॉइंटमेंट
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह के अनुसार नगीना के 80 स्लॉट होंगे। पहले यहां 40 का स्लॉट था। बिजनौर का 80 (पहले 40), रामपुर-80 (पहले 40), पीलीभीत-80 (पहले 40), इन जिलों में भी बढ़ाए गए स्लॉट में अमरोहा में 50, बदायूं में 50, शाहजहांपुर 50, पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर नई स्लॉट संख्या अपडेट कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में ऑनलाइन आवेदन काफी बढ़े थे, जिससे अपॉइंटमेंट मिलना मुश्किल हो रहा था। क्षमता बढ़ने से लोगों को पहले से दोगुनी आसानी से स्लॉट मिल सकेंगे।
सम्भल के लिए विशेष सुविधा-पहली बार पहुंचेगी मोबाइल पासपोर्ट वैन
सम्भल के लिए पासपोर्ट विभाग ने पहली बार बड़ी पहल की है। 26 से 28 नवंबर तक डीएम ऑफिस परिसर, सम्भल में पासपोर्ट विभाग की मोबाइल वैन तैनात रहेगी, जिसमें होंगी ये सुविधाएँ। इसमें दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक फोटोग्राफी, पासपोर्ट आवेदन स्वीकार होंगे।।इस सुविधा से सम्भल के लोगों को अब पहली बार अपने जिले में ही पासपोर्ट प्रक्रिया पूरी करने का अवसर मिलेगा। हालांकि ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना अनिवार्य रहेगा।

पासपोर्ट विभाग का संदेश-“तेज़ और सरल सेवा हमारी प्राथमिकता”
क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि बढ़ती मांग और नागरिक सुविधाओं को देखते हुए स्लॉट क्षमता बढ़ाई गई है। मोबाइल वैन की सुविधा से उन लोगों को बड़ी राहत मिलेगी जो अब तक बरेली या मुरादाबाद के चक्कर लगाने को मजबूर थे। उन्होंने कहा कि “हमारी प्राथमिकता है कि पासपोर्ट सेवाएँ लोगों तक तेजी और सरलता से पहुंचें। नई व्यवस्था से लोगों का समय और मेहनत दोनों बचेंगी।”
