रेलवे स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप का रंगारंग आगाज़! डीआरएम ने कबूतर उड़ाकर किया उद्घाटन
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के इज्जतनगर मंडल में शनिवार को खेल महोत्सव का शानदार आगाज़ हुआ। महिला कल्याण संगठन (नरवो) और रेलवे क्रीड़ा संघ के संयुक्त तत्वावधान में तीन दिवसीय रेलवे स्कूल स्पोर्ट्स चैंपियनशिप की शुरुआत जोरदार उत्साह और रंगारंग माहौल के साथ हुई। उद्घाटन रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-4 में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने शांति के प्रतीक सफेद कबूतर और रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर किया। इस कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यू.एस. नाग, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) भारत भूषण, नरवो की पदाधिकारी सचिव निधि श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सोनल, कोषाध्यक्ष ज्योति राव, संयुक्त सचिव दिव्या, मंडल क्रीड़ा संघ की सचिव गीता शर्मा, सहित भारी संख्या में अधिकारी, सदस्य एवं अभिभावक मौजूद रहे।

बच्चे भविष्य के चैंपियन-खेल से होता है सर्वांगीण विकास: डीआरएम
उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए डीआरएम सुश्री वीणा सिन्हा ने कहा “खेल-कूद बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास की सबसे बड़ी कुंजी है। बचपन में मिली स्पोर्ट्स ट्रेनिंग ही आगे चलकर बच्चों को राष्ट्रीय,अंतरराष्ट्रीय स्तर का खिलाड़ी बनाती है। रेलवे स्कूलों के बच्चे भी किसी से कम नहीं, ये भविष्य के स्टार खिलाड़ी हैं।”

रेलवे स्कूलों को भी कॉन्वेंट स्कूलों जैसा स्पोर्ट्स वातावरण: डॉ. रत्नेश कुमार सिंह
वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक एवं मंडल क्रीड़ा अधिकारी डॉ. रत्नेश सिंह ने कहा कि नरवो इज्जतनगर प्रयासरत है कि रेलवे स्कूलों के बच्चे भी कॉन्वेंट स्कूलों की तरह स्पोर्ट्स में महारत हासिल करें। उन्होंने बताया कि “आज बच्चियाँ भी खेलों में नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। रेलवे स्कूलों के खिलाड़ियों में अपार क्षमता है, बस उन्हें सही मंच और मार्गदर्शन देने की जरूरत है।”

पहले दिन के परिणाम- 400 मीटर दौड़ और ऊँची कूद में बच्चों ने दिखाया कमाल
400 मीटर फाइनल (कक्षा 3 से 5 बालिकाएँ)। प्रथम- खतिजा (गीतांजली रेलवे स्कूल), द्वितीय इशिका और तृतीय तनु। ऊँची कूद फाइनल (कक्षा 3 से 5 बालक), प्रथम-अर्शलान, द्वितीय-कृष्णा, तृतीय- असलान, ऊँची कूद फाइनल (कक्षा 3 से 5 बालिकाएँ) प्रथम-
यशिका, द्वितीय-मनु, तृतीय-उर्फिया। ऊँची कूद फाइनल (कक्षा 6 से 8 बालक) में प्रथम संजय, द्वितीय -मयंक, तृतीय- श्लोक।।ऊँची कूद फाइनल (कक्षा 6 से 8 बालिकाएँ) में प्रथम- पूर्णिमा, द्वितीय-तनिष्क, तृतीय-निधि रहीं

रेलवे स्टेडियम में उत्साह का माहौल, कोच, खिलाड़ी और अभिभावकों की भारी मौजूदगी
खेल मैदान में बच्चों के उत्साह, तालियों और जयकारों की गूंज से माहौल रोमांचक रहा। कोचों ने खिलाड़ियों की हौसला-अफजाई की और अभिभावकों ने अपने बच्चों को जीत के लिए प्रेरित किया।
चैंपियनशिप के अगले दो दिनों में और भी एथलेटिक व स्पोर्ट्स मुकाबले होंगे।
