गुजरात: भुज में बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस समारोह में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सीमा सुरक्षा बल के जवानों के योगदान की सराहना करते हुए देश की सुरक्षा और मतदाता सूची के शुद्धीकरण पर बड़ा बयान दिया।
अमित शाह ने कहा कि 12 राज्यों में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया लोकतंत्र को सुरक्षित करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से पंजीकृत हर एक घुसपैठिए को मतदाता सूची से हटाना है। शाह ने कहा,“हम देश में मौजूद प्रत्येक घुसपैठिए को चुन-चुनकर बाहर निकालेंगे। SIR प्रक्रिया देश और लोकतंत्र की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। भारतीय नागरिकों को इसका समर्थन करना चाहिए।”
गृह मंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ पार्टियाँ मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया का विरोध कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दल घुसपैठियों को बचाने के लिए इस अभियान को कमजोर करना चाहते हैं। बिहार चुनाव का उदाहरण देते हुए शाह ने कहा कि जनता ने इस मुद्दे पर एनडीए को बहुमत देकर स्पष्ट जनादेश दिया है। शाह ने देशवासियों से अपील की,“मैं देश के नागरिकों से आग्रह करता हूँ कि वे चुनाव आयोग की SIR प्रक्रिया का पूर्ण रूप से समर्थन करें। यह देशहित का मामला है।”
