मुरादाबाद : (मुहम्मद रेहान) कांग्रेस पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर हाल ही में की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर सियासी भूचाल खड़ा हो गया है। हालांकि, यह पोस्ट बुधवार को हटा ली गई है। कांग्रेस की पोस्ट पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष कुंवर बासित अली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि “यह कांग्रेस की नीच मानसिकता को दर्शाता है।”
“पूरा देश दुख में है, कांग्रेस राजनीति कर रही है”
भाजपा नेता कुंवर बासित अली ने कहा कि जिस समय देश हाल की वीभत्स घटनाओं से शोक में डूबा है। कांग्रेस उस पर सस्ती राजनीति करने में लगी है। उन्होंने कहा, “जब देश के गृह मंत्री तत्काल घटनास्थल पर पहुंचते हैं। प्रधानमंत्री विदेश यात्रा छोड़कर देश लौट आते हैं, तब कांग्रेस ऐसे पोस्ट के जरिए न सिर्फ देश की भावना से खेल रही है बल्कि राष्ट्रीय एकता को भी चोट पहुँचा रही है।”
“सिख दंगों की याद दिलाता है ये पोस्ट”
कुंवर बासित अली ने कांग्रेस की तुलना 1984 के सिख विरोधी दंगों से करते हुए कहा, “इस पोस्टर को देखकर वो समय याद आ गया जब सिखों की गर्दनें काटी गई थीं। कांग्रेस की मानसिकता अभी भी वैसी ही है, अब वो सोशल मीडिया पर वही नफरत उगल रही है।”
“देश कांग्रेस को नकार चुका है”
भाजपा नेता ने दावा किया कि कांग्रेस आज हाशिए पर पहुंच चुकी है, और अब वह समाज में भड़काऊ पोस्ट करके अपनी भड़ास निकाल रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस को देश पहले ही नकार चुका है। ऐसे पोस्ट करके वो केवल अपनी हताशा जाहिर कर रही है।”
“देश अपने शहीदों के साथ है, पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी”
उन्होंने आगे कहा कि आज पूरा देश उन परिवारों के साथ खड़ा है। जिनके अपनों की निर्मम हत्या की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्र सरकार पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर रही है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राजनीतिक तापमान चढ़ा
इस बयान के बाद मुरादाबाद समेत पूरे प्रदेश की सियासत गरमा गई है। विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच सोशल मीडिया पर तीखी बहस शुरू हो चुकी है। भाजपा इस मुद्दे को राष्ट्रीय सुरक्षा और शहीदों के सम्मान से जोड़ रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
