बरेली : यूपी के बरेली देहात की थाना भमोरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह पर करारा प्रहार करते हुए भारी मात्रा में 153.69 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है और एक ट्रक व मोबाइल फोन सीज किया है।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया ट्रक, ड्राइवर-हेल्पर ने भागने की कोशिश की
यह कार्रवाई 15 नवंबर की सुबह उस समय हुई जब उपनिरीक्षक हीरेन्द्र सिंह अपनी टीम के साथ रम्पुरा –विशारतगंज रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रम्पुरा तिराहे की ओर से आ रहे एक ट्रक को रोकने का संकेत दिया गया। संकेत मिलते ही ट्रक चालक और उसका साथी घबराकर ट्रक छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने दौड़कर दोनों को मौके पर दबोच लिया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान आलम उर्फ अकरम, निवासी ग्राम पस्तौर, थाना शाहबाद (रामपुर) और इस्लाम खाँ, निवासी ग्राम पस्तौर, थाना शाहबाद (रामपुर) के रूप में हुई है।
ट्रक से बरामद हुआ 153.69 किलो गांजा

ट्रक की तलाशी लेने पर अंदर भारी मात्रा में 153.69 किलो सुखा गांजा मिला। पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे यह खेप उड़ीसा से लेकर आ रहे थे। तस्करों के अनुसार यह ट्रक फरमान नाम के व्यक्ति का था। राकेश यादव (दिल्ली) और फरमान (पस्तौर, शाहबाद) ने उन्हें यह माल 40,000 रुपये में उड़ीसा से बिसौली के आसकपुर स्टेशन तक पहुँचाने के लिए कहा था। वहाँ से यह खेप दिल्ली भेजी जानी थी। हाईवे पर सख़्त चेकिंग देखकर वे लोकल रूट से बचने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया
तस्कर परिवार की आपराधिक पृष्ठभूमि भी उजागर
जांच में पता चला कि गिरफ्तार इस्लाम खां का भाई इकराम भी रांची में मादक पदार्थ तस्करी में गिरफ्तार हो चुका था, जहाँ पिछले वर्ष उसकी मौत हो गई। यह खुलासा इस बात की ओर इशारा करता है कि यह परिवार लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी की अपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। पुलिस ने इस मामले में धारा 8/20/29/60 NDPS Act के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
दो मुख्य आरोपी राकेश यादव (दिल्ली), फरमान (पस्तौर, शाहबाद)
…अभी भी फरार हैं। जिनकी तलाश में पुलिस कई जगह दबिश दे रही है।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा का बयान
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने इस बड़ी सफलता पर कहा कि “बरेली पुलिस ने एक इंटरस्टेट तस्करी नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। तस्कर चाहे जितने शातिर हों, किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। अभियान लगातार जारी रहेगा।”
