बरेली : उत्तर प्रदेश के स्टांप एवं निबंधन विभाग के नए सर्वर सिस्टम ने पहले ही दिन अधिकारियों और जनता की मुश्किलें बढ़ा दीं। चार दिन बाद बुधवार को बरेली में बैनामा पंजीकरण का काम शुरू तो हुआ, लेकिन नया सर्वर लगातार हैंग होता रहा, जिससे दोपहर 2 बजे तक सिर्फ तीन बैनामों का पंजीकरण हो सका।सदर तहसील के उप निबंधक प्रथम और द्वितीय कार्यालयों में सुबह से ही खरीदारों और विक्रेताओं की भीड़ जुटी थी, लेकिन सर्वर डाउन रहने के कारण बैनामा पत्र ऑनलाइन अपलोड नहीं हो पा रहे थे। घंटों इंतजार के बाद अधिकांश लोग निराश होकर लौट गए। दस्तावेज लेखक जाबिर खां ने बताया कि महीने भर से रजिस्ट्री का कार्य प्रभावित है। मगर, आज चार दिन बाद काम शुरू हुआ, लेकिन कुछ ही देर में सर्वर ठप हो गया। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी हुई। उन्हें बिना बैनामे के ही लौटना है।
चार दिन तक बंद रहा पंजीकरण, उम्मीदों पर पानी फेरा
पुराने सर्वर से डेटा ट्रांसफर करने के कारण 8 से 11 नवंबर तक पूरे प्रदेश में बैनामा पंजीकरण का कार्य बंद था। महानिरीक्षक निबंधन नेहा शर्मा ने पहले ही सभी जिलों के सहायक महानिरीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए थे कि डेटा शिफ्टिंग पूरी होने के बाद नया सिस्टम अधिक तेज़ और पारदर्शी होगा। लेकिन बरेली में सिस्टम पहले ही दिन क्रैश हो जाने से विभागीय दावों की पोल खुल गई।
दस्तावेज लेखकों में नाराजगी
दस्तावेज लेखकों ने बताया कि चार दिन तक काम बंद रहने से उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ा, अब जब काम शुरू हुआ तो नया सर्वर भी जवाब दे गया। एक दस्तावेज लेखक ने कहा “हम उम्मीद कर रहे थे कि नया सिस्टम पुराने से तेज होगा, लेकिन पहले ही दिन फेल हो गया। कई ग्राहक सुबह से लाइन में हैं, मगर काम नहीं हो पा रहा।”
सर्वर अपग्रेड के नाम पर फंसी प्रक्रिया
जानकारी के अनुसार, नए सर्वर में डाटा माइग्रेशन का काम पूरी तरह पूरा नहीं हुआ है, जिसकी वजह से सॉफ्टवेयर बार-बार हैंग हो रहा है। तकनीकी टीम को सर्वर सुधारने में जुटाया गया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक “पिछले कुछ वर्षों में प्रदेशभर में ऑनलाइन बैनामा रजिस्ट्रेशन का दबाव कई गुना बढ़ा है। नया सर्वर लोड संभालने में अस्थायी रूप से समस्या दे रहा है, जिसे जल्द ठीक किया जाएगा।”
