लखनऊ : सपा ने पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले के विरोध में एक मई को यूपी में शांतिपूर्ण तरीके से धरने प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसको लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मंगलवार को पत्र जारी किया है। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन पर हो रहे जानलेवा हमलों और धमकियों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की। पार्टी ने आरोप लगाया है कि लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद प्रदेश सरकार कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है। इससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार खुलेआम दलित विरोधी और मनुवादी ताकतों को संरक्षण दे रही है।
सुनियोजित तरीके से किया गया हमला
उन्होंने बताया कि बुलंदशहर जाते समय सांसद रामजी लाल सुमन पर एक सुनियोजित हमला किया गया। इस हमले में उनके काफिले पर कर्फ्यू सशस्त्र तत्वों द्वारा हमला किया गया। जिसमें उनके वाहन को क्षतिग्रस्त किया गया और कई लोग घायल हुए। इसके पहले भी उन पर धमकियाँ दी जा रही थीं और जानलेवा हमले की कोशिशें हो चुकी हैं।
सरकार पर लगाए आरोप
इस पत्र में यह भी कहा गया है कि यह घटना कोई पहली बार नहीं है और प्रशासन की निष्क्रियता से साफ झलकता है कि इन घटनाओं के पीछे सरकार समर्थित शक्तियाँ हो सकती हैं। समाजवादी पार्टी का कहना है कि यह न केवल पार्टी के वरिष्ठ नेता पर हमला है बल्कि संविधान और लोकतंत्र पर सीधा प्रहार है।
1 मई को धरना-प्रदर्शन का ऐलान
प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने निर्देश दिया है कि 1 मई 2025 को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों (कलेक्ट्रेट्स) पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता शांतिपूर्ण ढंग से धरना देंगे। इसके माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें उचित कार्रवाई की माँग की जाएगी।
विरोध प्रकट करेगी सपा
यह विरोध प्रदर्शन सरकार की दलित विरोधी नीतियों और कानून व्यवस्था की विफलता के खिलाफ भी होगा। पार्टी ने अपने सभी जिलाध्यक्षों, सांसदों, पूर्व विधायकों, नगर अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं को इस कार्यक्रम को सफल बनाने का निर्देश दिया है।
