बिहार: विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण से पहले राजनीतिक गतिविधियाँ तेजी पकड़ रही हैं। इसी बीच आरजेडी के पूर्व मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है क्योंकि उन्हें खतरा महसूस हो रहा है। तेज प्रताप ने ट्वीट किया, “ये लोग मुझे मरवा भी देंगे। सब दुश्मन लगे हुए हैं। तेजस्वी का जन्मदिन है। जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं, उज्ज्वल भविष्य हो, आशीर्वाद है।”
केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने चुनावी सुरक्षा दृष्टिकोण से तेज प्रताप यादव को ‘वाई प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। इसके तहत अब वे CRPF जवानों के घेरे में रहेंगे। यह सुरक्षा प्रोटेक्शन लिस्ट के तहत दी गई है।
राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि तेज प्रताप को मिली यह सुरक्षा भाजपा के प्रति उनके बढ़ते झुकाव से जुड़ी हो सकती है। हालांकि गृह मंत्रालय ने सुरक्षा के आदेश की पुष्टि की है, लेकिन इस राजनीतिक अटकल पर अब तक किसी भी पक्ष की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
गौरतलब है कि एक दिन पहले तेज प्रताप यादव ने भाजपा सांसद रवि किशन का समर्थन किया था। उन्होंने कहा, “जो रोजगार देगा, मैं उसके साथ रहूंगा।” पटना एयरपोर्ट पर दोनों नेताओं को एक साथ देखा गया। इस दौरान रवि किशन ने तेज प्रताप की तारीफ करते हुए कहा, “इनके हृदय को सब लोग बहुत प्रेम कर रहे हैं। ये दिल वाले इंसान हैं और भोलेनाथ के भक्त हैं। भाजपा हमेशा उनके लिए सीना खोलकर खड़ी रहती है जिनका लक्ष्य सेवा है। इनकी छवि भी अब उसी रूप में सामने आ रही है।”
तेज प्रताप यादव को दी गई सुरक्षा और भाजपा नेताओं से उनकी बढ़ती नजदीकी ने बिहार की चुनावी सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चाएँ तेज हो गई हैं, और यह माना जा रहा है कि चुनावी रणनीतियों पर इसका असर भी दिखाई दे सकता है।
