बरेली : शुक्रवार दोपहर बरेली नगर निगम परिसर उस समय अखाड़ा बन गया, जब अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ता नगर आयुक्त से मिलने पहुंचे। छात्र नेता बरेली कॉलेज के हॉस्टल संबंधी और सफाई व्यवस्था में सुधार की मांगों को लेकर निगम दफ्तर पहुंचे थे, लेकिन बातचीत हंगामे में बदल गई। सूत्रों के मुताबिक, छात्रों ने नगर आयुक्त का घेराव करते हुए नारेबाजी शुरू कर दी, जब नगर आयुक्त कार्यालय से बाहर निकले, तो उन्हें रोकने की कोशिश की गई। जिससे धक्का -मुक्की की स्थिति बन गई। इसके बाद आयुक्त सुरक्षा कर्मियों के साथ पैदल ही अपने आवास की ओर निकल गए। घटना के बाद निगम कर्मचारियों में भी आक्रोश फैल गया। कर्मचारियों ने नगर निगम का मुख्य गेट बंद कर दो बुलडोजर खड़े कर दिए, ताकि कोई अंदर-बाहर न जा सके। इसके साथ ही हड़ताल की चेतावनी दी है। हालांकि, परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है। मगर, डीएम ने मामला शांत होने की बात कही है।
एबीवीपी का आरोप-कर्मचारियों ने की मारपीट, आंदोलन की धमकी
एबीवीपी के विभाग संगठन मंत्री अवनी यादव ने मीडिया को बताया कि छात्र सिर्फ अपनी मांगों को लेकर शांति से निगम पहुंचे थे। उनका आरोप है कि कर्मचारियों ने उनसे धक्का-मुक्की और अभद्रता की।
वहीं विभाग सह संयोजक श्रेयांश बाजपेई ने दावा किया कि कर्मचारियों ने छात्रों को घेरकर पीटा, जिससे कई छात्रों को चोटें भी आई हैं। एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
कर्मचारियों का पलटवार, बोले- छात्र नहीं गुंडे आए थे!
घटना के बाद नगर निगम के कर्मचारी नगर आयुक्त के समर्थन में उतर आए। कर्मचारी नेता राजकुमार समदर्शी ने कहा कि “जो लोग आज नगर निगम में आए, वे छात्र नहीं बल्कि गुंडे थे। उन्होंने आयुक्त के साथ अभद्रता की, गाली गलौज की और गेट पर धक्का-मुक्की की।” कर्मचारियों का कहना है कि प्रवर्तन दल के सुरक्षाकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले, वरना स्थिति और बिगड़ सकती थी। कर्मचारियों ने हड़ताल की चेतावनी देते हुए साफ कहा कि अगर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी जाएगी। इसके बाद नगर निगम कार्यालय के मुख्य द्वार पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।।पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने। मगर, अब दोनों पक्ष एबीवीपी और निगम कर्मचारी, एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
