बरेली : ऑनलाइन ट्रेडिंग में दोगुना मुनाफा दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक युवक से 3 लाख 70 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले डेमो और निवेश का फर्जी लाभ दिखाकर उसका भरोसा जीता और फिर चरणबद्ध तरीके से उसके दो बैंक खातों से बड़ी रकम निकलवा ली। यह मामला सामने आने पर पीड़ित ने बारादरी थाने में शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानें पीड़ित कौन है, और कैसे हुई ठगी?
ग्रीन पार्क निवासी अविनाश चन्द्रा ने बताया कि जुलाई 2025 की शुरुआत में उसे बीआई फाइनेंस कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले एक व्यक्ति का फोन आया। उसने कहा कि कंपनी ऑनलाइन ट्रेडिंग में पैसा लगाकर जल्दी और सुरक्षित मुनाफा दिलाती है। शुरुआत में ठगों ने कई लिंक, ट्रेडिंग ग्राफ और नकली इनकम स्क्रीनशॉट दिखाकर भरोसा जीत लिया। इसके बाद 5 से 10 जुलाई के बीच ठगों ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 3,70,000 रुपये निकलवा लिए, जब अविनाश ने मुनाफे की रकम वापस मांगी तो ठगों ने 24 घंटे में ट्रांसफर होने का झांसा दिया। लेकिन उसके बाद फोन स्विच ऑफ और चैट बंद हो गई।
बारादरी थाने में दी तहरीर
बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि खाते की होल्ड की गई रकम 1,58,698 है, और गायब रकम वाली रकम 2,11,301 है। इस पर अविनाश सीधे बारादरी थाना पहुंचा और तहरीर दी। पुलिस ने मीडिया को बताया कि थाना बारादरी पुलिस के अनुसार “मामला गंभीर है। साइबर से जुड़े सभी लेन-देन की तकनीकी जांच कर रही है। खातों और भुगतान के डिजिटल ट्रेल ट्रेस किये जा रहे हैं। प्रमाण मिलने पर संबंधित खातों और मोबाइल नंबरों पर कार्रवाई होगी।”
