सपा प्रमुख बोले – आप बिहार बदलो, हम यूपी बदल देंगे, अब हवा बदल चुकी, सरकार बदलने वाली है!
बिहार/लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को बिहार चुनाव में INDIA गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्वी चंपारण के मोतिहारी और सीतामढ़ी के रूनीसैदपुर में दो विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। रैलियों में भारी भीड़ उमड़ी और पूरा मैदान “INDIA-INDIA” और “रोज़गार -न्याय” के नारों से गूंज उठा।
इस बार नौकरी देने वाला मुख्यमंत्री बनेगा”- अखिलेश यादव

मोतिहारी की सभा में अखिलेश यादव ने कहा-“जो संदेश जा रहा है, वह यही जा रहा है कि इस बार नौजवान और नौकरी देने वाला मुख्यमंत्री बनने जा रहा है।”उन्होंने दावा किया कि बिहार के युवा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं, क्योंकि वे नौकरियों पर स्पष्ट वादा और मॉडल लेकर चुनाव मैदान में हैं।
भाजपा ने नौजवान के साथ किया धोखा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा ने किसानों और नौजवानों को सिर्फ धोखा दिया। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि खाद की बोरी में भी चोरी हो रही है।”उन्होंने कहा कि केंद्र में बीजेपी के 10 साल और बिहार में 20 साल यानी कुल 30 साल का शासन रहा, लेकिन न तो रोजगार मिला, न उद्योग लगे, न पलायन रुका। रूनीसैदपुर में अखिलेश ने कहा “एक ऐसा नया बिहार बनाओ जहां सम्मान मिले, नौकरी मिले, इलाज मिले। नई सरकार बनेगी तो नए फैसले होंगे।”उन्होंने यह भी कहा “आप बिहार बदलो, हम यूपी बदल देंगे।”
नौकरी, पलायन और महंगाई बड़ा मुद्दा

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार से सबसे अधिक युवा पलायन कर रहे हैं। उद्योग धंधे नहीं लगे, महंगाई ने परिवारों की कमर तोड़ दी। भाजपा सरकार सिर्फ नफरत फैलाने और भाषण देने में लगी है। उन्होंने INDIA गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में अपील की। मोतिहारी में देवा गुप्ता के समर्थन में, और रूनीसैदपुर में चंदन कुमार के समर्थन में जनता से वोट की अपील की गई।
कल चार जनसभाएं

सपा प्रमुख अखिलेश यादव 7 और 8 नवंबर को बिहार में और कई चुनावी सभाएं करने वाले हैं। जिनमें औरंगाबाद, रोहतास, पूर्णिया और मधुबनी शामिल हैं। इन जनसभाओं में बड़ी संख्या में भीड़ जुटने की उम्मीद है।
