बरेली : यूपी के बरेली में कानून व्यवस्था को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्य ने जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्रों में बड़ा फेरबदल किया है। सोमवार को जारी स्थानांतरण आदेश के बाद सभी अधिकारियों ने अपने-अपने नए कार्यस्थलों पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि यह बदलाव कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाने के लिए किए गए हैं। उन्होंने कहा कि “नए दायित्वों से अधिकारियों में नई ऊर्जा का संचार होगा और जनता को बेहतर पुलिसिंग का लाभ मिलेगा।”
जानिए किस सीओ को मिला नया कार्यक्षेत्र
सीओ प्रथम: फरीदपुर सर्किल के क्षेत्राधिकारी आशुतोष शिवम को सर्किल प्रथम का नया प्रभारी बनाया गया है।
सीओ तृतीय: अब तक सर्किल प्रथम की कमान संभाल रहे सीओ पंकज श्रीवास्तव को जिले की सबसे संवेदनशील सर्किल तृतीय का प्रभार सौंपा गया है।
सीओ द्वितीय: तृतीय सर्किल के सीओ अजय कुमार को द्वितीय सर्किल का जिम्मा दिया गया है।
सीओ फरीदपुर: द्वितीय सर्किल के सीओ संदीप सिंह को स्थानांतरित कर फरीदपुर सर्किल का नया क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीओ नवाबगंज: जिला मुख्यालय से संबद्ध सीओ गौरव सिंह को नवाबगंज सर्किल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सीओ क्राइम और सीओ ऑफिस: नवाबगंज के सीओ हर्ष मोदी को सीओ ऑफिस एवं सीओ क्राइम का संयुक्त प्रभार दिया गया है।
सीओ यातायात एवं 112 सेवा: अब तक सीओ ऑफिस का दायित्व संभाल रहे नरेश सिंह को यातायात (ट्रैफिक) एवं 112 सेवा का क्षेत्राधिकारी नियुक्त किया गया है।
नए कार्यस्थलों पर संभाला कार्यभार
तबादले के आदेश जारी होते ही सभी अधिकारियों ने तेजी दिखाते हुए सोमवार सुबह अपने-अपने नए कार्यक्षेत्रों में कार्यभार ग्रहण कर लिया। बरेली पुलिस के इस व्यापक फेरबदल से जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की उम्मीद जताई जा रही है।
