बरेली : मण्डलायुक्त भूपेन्द्र एस. कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को मण्डलीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कमिश्नरी सभागार में आयोजित हुई। इस बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने, बिजली आपूर्ति सुचारू करने, सड़क निर्माण एवं फायर सुरक्षा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।

परसाखेड़ा और सीबीगंज में बिजली व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश
मण्डलायुक्त ने मुख्य अभियंता विद्युत वितरण बरेली को निर्देश दिया कि हर महीने 6 और 7 तारीख को मेगा कैंप लगाया जाए। उद्यमियों की बिजली कनेक्शन, लोड वृद्धि और लाइन समस्याओं का तुरंत निस्तारण किया जाए। WhatsApp ग्रुप में प्रतिदिन फील्ड लाइन मेंटेनेंस स्टाफ की उपलब्धता की जानकारी भेजी जाए। इसके साथ ही औद्योगिक उत्पादकता में बाधा न आए और शिकायतें लंबित न रहें। ट्रक पार्किंग हेतु फतेहगंज टोलिया में 2 लेन निर्माण कार्य 50% पूरा हो। इस पर NHAI अधिकारियों ने बताया फतेहगंज के पास ग्राम ट्यूलिया में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर ट्रक पार्किंग लेन बनाई जा रही हैं। यह कार्य 50% पूरा हो चुका है। अगले महीने के अंत तक निर्माण पूरा करा दिया जाएगा। इससे हाईवे जाम में राहत और माल ढुलाई तेज होगी।

रामा-श्यामा पेपर मिल वाली रोड का निर्माण जल्द शुरू
जिला पंचायत के अनुसार एनएच-30 से बहादुरपुर मार्ग को जिला पंचायत बोर्ड में अनुपूरक योजना में शामिल किया गया है। नवंबर 2025 में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। परसाखेड़ा में फायर स्टेशन स्थापना प्रस्ताव पर तेज कार्यवाही की जाए। इस पर अग्निशमन विभाग ने बताया कि फायर स्टेशन निर्माण के लिए सैद्धांतिक स्वीकृति के लिए प्रस्ताव लखनऊ मुख्यालय को भेजा गया है। यूपीसीडा द्वारा उपलब्ध भूमि मानक से कम है। मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि यूपीसीडा आवश्यक अतिरिक्त भूमि उपलब्ध कराए। प्रकरण को अगली बैठक से पहले निस्तारित करें

नाथधाम MSME टाउनशिप जनवरी 2026 में लॉन्च
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने बताया कि नाथधाम MSME टाउनशिप योजना जनवरी 2026 तक लॉन्च होने की संभावना है। इसमें मिनी ट्रांसपोर्ट नगर भी प्रस्तावित है। उद्यमी समुदाय ने इस निर्णय पर संतोष और प्रसन्नता व्यक्त की। इस दौरान बैठक में उपाध्यक्ष बीडीए डॉ. मनिकन्डन ए., नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य,
जिला पंचायत, उद्योग विभाग, वन विभाग, अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं उद्यमीगण उपस्थित रहे।
नवाबगंज तहसील में 193 शिकायतें… DM बोले-शिकायतकर्ता की संतुष्टि सबसे ज़रूरी
बरेली : तहसील नवाबगंज में आज जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी 193 शिकायतें प्राप्त हुईं। DM ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि हर शिकायत का निस्तारण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता संतुष्ट रहे। इस अवसर पर रबी-2025 के अंतर्गत किसानों को सरसों के निशुल्क मिनी किट भी वितरित किए गए, ताकि तिलहनी फसलों का क्षेत्र बढ़ सके और किसान गन्ने के साथ सहफसली खेती से अतिरिक्त लाभ प्राप्त कर सकें। समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी उदित पवार, उप जिलाधिकारी न्यायिक निधि शुक्ला, जिला विकास अधिकारी सहित पुलिस और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता 3 से, 1056 खिलाड़ी, और देशभर की 88 टीम होंगी शामिल
बरेली : डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में आज 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबॉल प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। यह प्रतियोगिता 11 से 15 नवम्बर तक PM Shri राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित होगी। प्रतियोगिता में देशभर से अंडर-17 वर्ग की 44 बालक और 44 बालिका टीमें, कुल 1056 खिलाड़ी हिस्सा लेंगी। 06 नवम्बर तक खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। बैठक में खिलाड़ियों के आवास, भोजन, सुरक्षा, परिवहन, चिकित्सा व्यवस्था, फायर सेफ्टी, लाइव स्ट्रीमिंग, फोटोग्राफी, ट्रॉफी व सांस्कृतिक कार्यक्रम तक सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। DM ने निर्देश दिया कि आयोजन भव्य, सुरक्षित और सुचारु रूप से होना चाहिए, तथा खिलाड़ियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इस दौरान बैठक में पुलिस, शिक्षा विभाग, नगर निगम, विद्युत, चिकित्सा व परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
