मुरादाबाद। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ डर और नफरत का माहौल बनाया जा रहा है। लोग भय के साए में जीने को मजबूर हैं, क्योंकि किसी को नहीं पता कि कब उनके घरों पर बुलडोजर चले या मुकदमे दर्ज कर दिए जाएं।
इकरा हसन शुक्रवार देर रात सपा सांसद मोहम्मद फहीम से मिलने उनके आवास बिलारी पहुंचीं। इससे पहले उन्होंने रामपुर में आजम खान से भी भेंट की। उन्होंने कहा, “आजम साहब हमारे परिवार के वरिष्ठ सदस्य हैं। यह राजनीतिक नहीं बल्कि पारिवारिक मुलाकात थी, हम उनकी तबीयत पूछने पहुंचे थे।”
“देश में नफरत का माहौल सरकार की देन”

इकरा ने कहा कि पिछले 15 सालों में देश की फिज़ा पूरी तरह बदल गई है। पड़ोसी-पड़ोसी से नफरत करने लगा है, यह सब सरकार की नीतियों का नतीजा है। उन्होंने कहा, “हमें बहुत पीछे धकेला गया है, लेकिन हम फिर से एकजुट होकर देश में मोहब्बत और बराबरी का माहौल बनाएंगे। हमें उम्मीद है कि आने वाला वक्त बेहतर होगा।”
महिला आरक्षण पर बोलीं—“अब महिलाएं खुद अपनी आवाज उठा रही हैं”
महिला आरक्षण बिल पर बोलते हुए इकरा हसन ने कहा, “सरकार ने 33% आरक्षण तो दिया, लेकिन यह ज़रूरी है कि इसे धरातल पर भी लागू किया जाए। अब वो जमाना चला गया जब महिलाएं सिर्फ सुनने तक सीमित थीं। आज महिलाएं खुद नेतृत्व कर रही हैं और समाज की दिशा तय कर रही हैं।”
2027 में सपा की वापसी का दावा
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पूरी तैयारी में है। 2024 के लोकसभा चुनाव जैसे नतीजे यूपी में भी दोहराए जाएंगे। उन्होंने कहा, “सपा और PDA गठबंधन मजबूत है, सभी कार्यकर्ता मैदान में जुटे हैं। जनता बदलाव चाहती है और 2027 में यूपी में सपा सरकार बनेगी।”
