बरेली: थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक डीसीएम वाहन से 4 किलो 186 ग्राम मार्फिन (स्मैक) बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 15 लाख रुपये बताई जा रही है।
गुप्त कैविन से मिली करोड़ों की खेप
सूचना मिलने पर पुलिस ने डोहरा रोड के रास्ते आ रहे एक डीसीएम वाहन की घेराबंदी की। तलाशी के दौरान वाहन में बने एक गुप्त कैविन से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, यह खेप पंजाब और नागालैंड से बरेली लाई जा रही थी।
एक गिरफ्तार, एक फरार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिराज अहमद के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी सुरेंद्र शर्मा मौके से फरार हो गया। पूछताछ में सिराज ने बताया कि सुरेंद्र शर्मा ही उसे हर महीने वाहन लेकर दूसरे राज्यों में भेजता था, जहां से स्मैक या मार्फिन लेकर बरेली लाया जाता था।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21/29/60 के तहत मामला दर्ज किया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई है।
पुलिस टीम को सराहना
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धनंजय पांडेय, चौकी प्रभारी मुनेन्द्र पाल सिंह, मनीष भारद्वाज, तथा कांस्टेबल साबिर अली और अंकुश चौधरी की अहम भूमिका रही।
पुलिस का बयान
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि “मादक पदार्थ तस्करी पर पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी इस अवैध धंधे में शामिल है, उसे किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”
नशे के खिलाफ पुलिस का एक्शन मोड
पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने फिर साबित किया है कि नशे का कारोबार गहराई तक फैला हुआ है, लेकिन अब प्रशासन इसे जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में है।
