शीशगढ़ में सड़क पर गिरे युवक की दर्दनाक मौत, नशे ने ली जान
बरेली : यूपी के बरेली के शीशगढ़ से त्योहारों की रौनक के बीच एक दर्दनाक खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह करीब 10 बजे रामलीला मैदान के पास एक युवक अचानक सड़क पर गिरा, और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान वीरपाल (28 वर्ष) निवासी रहपुरा जागीर, थाना फतेहगंज पश्चिमी के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने बताया कि वह पिछले एक महीने से शीशगढ़ में ही घूमकर भीख मांगता था और रात में रामलीला मैदान के मंच पर सो जाता था। मंगलवार सुबह वीरपाल रामलीला मैदान के पास पहुंचा। वहां उसने एक ई-रिक्शा रोका और आनंदपुर जाने की बात कही। रिक्शा चालक ने उससे किराया मांगा, तो युवक ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसी बीच, चालक वहां से चला गया। कुछ ही देर बाद युवक अचानक सड़क पर गिर पड़ा। उसके मुंह से झाग और पानी निकलने लगा। पास की दुकान पर बैठे दुकानदार ने यह दृश्य देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, लेकिन तब तक वीरपाल की मौत हो चुकी थी।
पत्नी के छोड़ने के बाद बिगड़ी मानसिक स्थिति
पुलिस जांच में सामने आया कि वीरपाल की शादी चार वर्ष पहले हुई थी, लेकिन दो वर्ष पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। इस घटना के बाद उसकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई। रिश्तेदार रामबेटी ने बताया कि वह शराब और नशे का आदी बन गया था। वह गांव-गांव घूमकर मांगकर अपना गुजारा करता था। बीते एक साल पहले उसके बड़े भाई की सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। अब घर में सिर्फ बुजुर्ग माता-पिता ही बचे हैं।
पुलिस ने शव लिया कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही थाना शीशगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त के बाद परिजनों को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में नशे की अधिकता से मौत की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि वीरपाल पिछले कई दिनों से इलाके में नशे की हालत में घूमता दिखता था। “वह हमेशा नशे में रहता था, कभी खाना मांगता, कभी पैसे। कल भी वह मैदान में बैठा था,” एक दुकानदार ने बताया।
