बरेली : दीपावली की खुशियां बरेली में कई परिवारों के लिए मातम बन गईं। सोमवार रात और मंगलवार को जिले के अलग-अलग इलाकों में सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई और 18 से ज़्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जहां एक ओर शहर दीपों से जगमगा रहा था, तो वहीं दूसरी ओर सड़कों पर लहूलुहान दृश्य और चीख-पुकार ने त्योहार की रौनक को ग़म में बदल दिया।
शीशगढ़ में मासूम सार्थक की दर्दनाक मौत
थाना शीशगढ़ क्षेत्र के गांव बीसलपुर के पास सोमवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्रॉली को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइक आमने -सामने भिड़ गईं। हादसे में ढकिया डाम निवासी सोनू के एक वर्षीय पुत्र सार्थक की मौत हो गई,।जब ट्रॉली का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया। बाइक सवार सोनू, मुकेश (गांव पदमी) और सूरजपाल (गुलड़िया) गंभीर रूप से घायल हुए। दूसरी बाइक पर सवार वीरपाल, उनकी पत्नी राजकुमारी और दो बच्चे भी जख्मी हैं। परिवार दीपावली मनाने शीशगढ़ से मदनापुर लौट रहा था। पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजा, जबकि मुकेश की हालत अभी भी नाज़ुक बताई जा रही है। त्योहार की रात मासूम की मौत से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है।
फतेहगंज पश्चिमी हाइवे पर पेड़ से टकराई कार,चार युवक घायल
बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के धनेटा-शीशगढ़ मार्ग पर चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। दुनका गांव से कार सवार मोहम्मद कैफ, अरमान, मुकीम और इस्लाम शीशगढ़ जा रहे थे। सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के प्रयास में कार पेड़ से जा टकराई। राहगीरों ने सभी को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कैफ और अरमान की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि हादसे के समय कार चला रहे इस्लाम ने नियंत्रण खो दिया था।
नवाबगंज में वृद्धा और युवती की मौत
नवाबगंज तहसील गेट के पास सोमवार शाम करीब 7 बजे तेज रफ्तार कार ने 70 वर्षीय सईदन को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, क्योलड़िया थाना क्षेत्र के गांव पहना में काजल नाम की युवती अपनी मां के साथ बाजार से लौट रही थी,जब तेज़ रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। काजल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बाइक चालक फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
नवाबगंज हाईवे पर बाइकों की भिड़ंत, तीन घायल
बरेली-पीलीभीत हाईवे के गरगइया गांव के पास पेट्रोल पंप के सामने दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें रसूला गांव के कोटेदार चंद्रपाल, खंजनपुर निवासी कपिल और उसकी मां पूरन देवी घायल हो गए। तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया, जिसे पुलिस ने हटाया।
बरेली-दिल्ली हाइवे पर डिवाइडर से टकराई कार, युवक की मौत
फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र में सोमवार रात टोल प्लाज़ा से पहले हाईवे पर तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा गई। कार में सवार पांच युवक घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान 17 वर्षीय अरुण की मौत हो गई,जबकि कुणाल,अजय,विजय और रवि की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी युवक फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के रहने वाले हैं।
त्योहारों पर बढ़ते हादसे, पुलिस ने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि दीपावली और छठ पर्व के दौरान तेज़ रफ्तार, शराब पीकर ड्राइविंग और ओवरटेकिंग हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। पुलिस ने जनता से अपील की है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, हेलमेट पहनें,और किसी भी हालत में नशे की हालत में वाहन न चलाएं।

शहर में मातम का माहौल
बरेली में इन हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जहां एक ओर आसमान में आतिशबाज़ी थी, वहीं दूसरी ओर अस्पतालों में चीखें और सन्नाटा। मासूम सार्थक, अरुण, सईदन और काजल की मौत ने पूरे जिले को झकझोर दिया।
