बरेली: धनतेरस और दिवाली का पर्व आते ही बरेली के बाजारों में रौनक लौट आई है। सुबह से ही शहर के प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भीड़ उमड़ पड़ी। सोने-चांदी के गहनों से लेकर इलेक्ट्रॉनिक और वाहनों की दुकानों तक, हर जगह खरीदारों की कतारें दिख रही हैं। व्यापारियों का अनुमान है कि इस त्योहारी सीजन में करीब 800 करोड़ रुपये का कारोबार होगा।
पटाखा बाजारों में रौनक, प्रशासन ने तय किए अस्थायी स्थल
दिवाली का त्यौहार नजदीक आते ही शहर के विभिन्न मैदानों और प्रमुख बाजारों में पटाखों की दुकानों की सजावट से रौनक बढ़ गई है। इस्लामिया मैदान और जीआईसी मैदान पर पटाखा बाजार सज चुका है, जहां शनिवार से तीन दिन तक लोगों के लिए खरीदारी का मजा जारी रहेगा।
डीएम अविनाश सिंह की मंजूरी के बाद एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने अस्थायी दुकानों की सूची जारी की।
मनोहर भूषण इंटर कॉलेज मैदान: 30 दुकानें
सदर बाजार चर्च के पास: 10 दुकानें
रामलीला मैदान हार्टमन कॉलेज: 40 दुकानें
इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान: 30 दुकानें
बिशप कॉनराड जूनियर विंग खड़ंजा पट्टी: 10 दुकानें
राजकीय इंटर कॉलेज मैदान: 40 दुकानें
सुभाष नगर रेलवे मैदान: 15 दुकानें
सीबीगंज: 15 दुकानें
तिलक इंटर कॉलेज मैदान: 5 दुकानें
शहरवासियों के लिए ये सभी स्थल दिवाली से पहले के दिनों में सबसे आकर्षक केंद्र बन गए हैं।
सोने-चांदी के बाजारों में हलचल, छोटी ज्वेलरी की डिमांड में बढ़ोतरी
पारंपरिक मान्यता के अनुसार, धनतेरस पर धातु की खरीद को शुभ माना जाता है। इस कारण इस वर्ष भी सोने-चांदी के सिक्कों, आभूषणों और बर्तनों की मांग बढ़ गई है।
सराफा व्यापारियों का कहना है कि कीमतों में उछाल के बावजूद लोग छोटी-छोटी ज्वेलरी च्वॉइस कर रहे हैं — जैसे एक ग्राम की अंगूठियां, नोज-पिन, छोटे ईयरिंग और हल्के हार। टेंपल ज्वेलरी, कड़े-कंगन, चूड़ी और झुमके की बिक्री सबसे ज्यादा हो रही है।
क्रॉकरी और होम-अप्लायंसेस सेक्टर में ऑफर्स की बाढ़
त्योहारी सीजन में होम-अप्लायंसेस और क्रॉकरी बाजार में भी खरीदारों की भीड़ है। इस बार स्टेनलेस-स्टील और तांबे की नई डिज़ाइनों के नॉन-स्टिक बर्तन, फुल-फ्लोरल डिज़ाइन वाले सेट और घरेलू उपकरण जैसे रेफ्रिजरेटर, मिक्सी, हॉट केस और वाशिंग मशीन की बिक्री तेज़ रही। व्यापारियों ने बताया कि जीएसटी में राहत और त्योहारी ऑफर्स से ग्राहकों की दिलचस्पी बढ़ी है।
वाहन बिक्री और ई-कॉमर्स ऑर्डर्स में उछाल
वाहन डीलरों के अनुसार, इस त्योहारी सीजन में कार और बाइक की बुकिंग में बड़ा उछाल देखा गया है। कई ग्राहक डिलीवरी दिवाली पर लेने की योजना बना रहे हैं। वहीं, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर भी घरेलू प्रोडक्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक दीयों और मेक-इन-इंडिया वस्तुओं की बुकिंग बढ़ी है।
फूलों के दाम दोगुने, सजावट में बढ़ी लागत
गेंदा और गुलाब जैसे फूलों की मांग बढ़ने से बाजार में कीमतों में भारी उछाल आया है। सामान्य दिनों की तुलना में इनकी कीमतें दोगुने से अधिक हो गई हैं।
खरीदारी में उत्साह, पर बरतें सतर्कता
त्योहारी रौनक के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खरीदारी के दौरान सुरक्षा और सतर्कता दोनों का पालन करें।
