नई दिल्ली : बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। एयरपोर्ट के कार्गो एरिया में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन करोड़ों टका के माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
फायर सर्विस एंड सिविल डिफेंस के अधिकारियों के मुताबिक, आग दोपहर करीब 2:30 बजे एयरपोर्ट के गेट नंबर 8 के पास स्थित कार्गो विलेज में लगी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और काला धुआं आसमान में फैल गया। मौके पर दमकल की कई गाड़ियाँ भेजी गईं और फायर ब्रिगेड के जवानों ने राहत-बचाव अभियान शुरू किया। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा को देखते हुए तुरंत सभी उड़ानें रोक दीं।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से ढाका जा रही एक फ्लाइट का रूट बदलकर कोलकाता डायवर्ट किया गया। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एयरपोर्ट के अंदर और आसपास लोगों की आवाजाही को सीमित कर दिया गया है।
आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि स्थिति अब नियंत्रण में है, हालांकि कार्गो सेक्शन में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है।
घने धुएं की वजह से आसपास के इलाकों में वायु गुणवत्ता अचानक खराब हो गई, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। पर्यावरण विशेषज्ञों ने आग के धुएं में मौजूद जहरीले तत्वों से स्वास्थ्य पर असर पड़ने की चेतावनी दी है।
प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल एयरपोर्ट की सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोका गया है और स्थिति सामान्य होने पर संचालन फिर से शुरू किया जाएगा।
