बरेली : यूपी के बरेली शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई कर पुलिस ने मोहल्ला गंगापुर की सकरी गली में स्थित बंद मकान पर छापा मारा। यहां जुआ -सट्टा का धंधा चल रहा था। छापेमारी में मौके से नौ आरोपी गिरफ्तार किए गए, जबकि सट्टा माफिया जगमोहन उर्फ तन्नू और उसका साथी अर्जुन मौके से फरार होने की बात सामने आई है।
छापेमारी में मिला सबूत
पुलिस ने मौके से 15,910 नकद,सट्टे की पर्चियां और पैड, तथा जुआ-सामग्री बरामद की। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी जगमोहन उर्फ तन्नू ने यह मकान किराये पर ले रखा था और अपने साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह बनाकर सट्टेबाजी का अवैध कारोबार चला रहा था।
सूचना पर छापा और गिरफ्तारियाँ
बारादरी इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि मंगलवार रात गुप्त सूचना मिली थी कि मोहल्ला गंगापुर की एक गली में बंद मकान के अंदर सट्टा खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर छापेमारी की कार्रवाई की और नौ आरोपियों को मौके से दबोच लिया। वहीं, मुख्य सट्टा संचालक जगमोहन उर्फ तन्नू और उसका साथी अर्जुन पीछे के दरवाजे से भाग निकले। पुलिस ने आरोपी शाकिब, बाबू लाल, गुलफाम, मौसिम,श्याम,शिव कुमार, प्रेम कुमार, देवीराम, और कल्लूराम को हिरासत में लिया है।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि मौके से फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। “मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी में नौ लोग पकड़े गए हैं। दो आरोपी मौके से भाग निकले। उनसे बरामद रुपये और सट्टा-संबंधी सामग्री जब्त कर ली गई है। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।”
