बरेली: भमोरा थाना क्षेत्र के तखतपुर गांव में करवा चौथ के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई। गांव की 23 वर्षीय महिला कंचन ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि वह अपने दिवंगत पति को याद कर काफी दुखी थी।
पति की मौत के बाद रह रही थी मायके में
जानकारी के अनुसार, तखतपुर निवासी पूरनलाल ने बताया कि उनके 25 वर्षीय बेटे बृजेश की करीब छह वर्ष पूर्व कंचन से शादी हुई थी। लगभग एक माह पहले बृजेश की बीमारी से गुड़गांव में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद कंचन अपने दो छोटे बच्चों के साथ मायके तखतपुर गांव में रह रही थी।
कमरे में साड़ी से लगाया फंदा
शनिवार दोपहर जब परिवार के लोग खेतों पर काम करने गए थे, तभी कंचन ने कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर जान दे दी। कुछ समय बाद जब उसका देवर अतुल पशुओं के लिए घास लेने कमरे में पहुंचा, तो उसने कंचन को फंदे से लटका देखा। उसने शोर मचाया, जिसके बाद परिजनों ने तुरंत शव को नीचे उतारा।
पुलिस ने शव को भेजा पोस्टमॉर्टम के लिए
सूचना पर भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
गांव में छाया मातम
कंचन की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। करवा चौथ जैसे शुभ दिन पर घटी इस घटना ने सभी को झकझोर दिया है। कंचन अपने पीछे दो मासूम बच्चों को छोड़ गई है।
