आज़म खान से मुलाकात, 2 घंटे की बंद कमरे में बातचीत
रामपुर: उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर गरमाती नज़र आ रही है। सीतापुर जेल से आज़म खान की रिहाई के बाद, सियासी हलचल तेज हो गई है।
शनिवार दोपहर, बहुजन समाज पार्टी सरकार में मंत्री रहे स्वामी प्रसाद मौर्य रामपुर पहुंचे और वहां आज़म खान से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब दो घंटे की बंद कमरे में बातचीत हुई। जब दोनों बाहर आए तो मीडिया ने सवाल किया “क्या अखिलेश यादव से जुड़ा कोई संदेश है?” स्वामी प्रसाद कुछ बोलने ही वाले थे कि आज़म खान ने बीच में रोक दिया और कहा “उनका सवाल उन्हीं से करना।
इस छोटे से वाक्य ने यूपी की सियासत में बड़ी हलचल मचा दी। राजनीतिक गलियारों में अब कयास तेज हैं क्या ये मुलाकात किसी नई सियासी जमावट की शुरुआत है?
“इतनी दरिंदगी इमरजेंसी में भी नहीं हुई”-मौर्य का बीजेपी पर हमला
मीडिया से बात करते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य बीजेपी पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा आज़म खान के साथ जो हुआ, वह लोकतंत्र पर बदनुमा दाग है। इतनी दरिंदगी तो इमरजेंसी में भी नहीं हुई थी। भाजपा सरकार ने बदले की भावना से कार्रवाई की, जो अक्षम्य है।” मौर्य ने कहा कि भाजपा ने राजनीति की परंपरा बदल दी है। राजनीति विचारधारा की लड़ाई होती है, लेकिन दुश्मनी नहीं। भाजपा अब राजनीतिक विरोधियों से दुश्मनी निभाने लगी है, जिससे लोकतंत्र की गरिमा गिर रही है। उन्होंने कहा कि आजम खान जैसे वरिष्ठ नेता के साथ जो हुआ, वह न सिर्फ दुखद बल्कि शर्मनाक है भाजपा सरकार को “घटिया हरकतों” से बाज आना चाहिए।
रेली हिंसा, भाजपा की साजिश और 2027 का संदेश
स्वामी प्रसाद मौर्य ने बातों-बातों में बरेली हिंसा को भी भाजपा की “साजिश” करार दिया। उन्होंने कहा “भाजपा हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों को जिंदा रखना चाहती है। बरेली की घटना भी उसी सोच का हिस्सा है।” मौर्य ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि “धर्म के आधार पर मुसलमानों को जेल भेजा जा रहा है, मदरसे बंद किए जा रहे हैं, मस्जिद-मजार तोड़ी जा रही हैं।” उन्होंने कहा कि यूपी में अपराध चरम पर है हत्या, अपहरण, बलात्कार और दलित अपराध में यूपी नंबर वन बन चुका है।
मौर्य बोले “2027 में ‘यूपी बचाओ, भाजपा हटाओ’ के नारे के साथ जनता बदलाव लाएगी।” उन्होंने कहा कि 80 करोड़ लोग आज भी राशन पर निर्भर हैं,
किसान परेशान हैं, और छोटे बच्चों के स्कूल बंद होने की कगार पर हैं। यह देश और प्रदेश का दुर्भाग्य है कि लोगों ने भूल से भाजपा को वोट दिया,
जिसका खामियाज़ा आज पूरा देश भुगत रहा है।
