JPNIC म्यूजियम बचाने का लिया संकल्प, बिहार चुनाव में महिलाओं के अधिकार और न्याय व्यवस्था पर बोले सपा प्रमुख, सोशलिस्ट मूल्यों और देश की वर्तमान स्थिति पर जताई अपनी चिंता
लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण जी की जयंती पर उन्हें याद किया और देश में समाजवादी मूल्यों को लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि “हम लोग आज लोकनायक जयप्रकाश जी को याद कर रहे हैं, जो जयप्रकाश जी के नाम पर सोशलिस्ट म्यूजियम बना था JPNIC, हम संकल्प लेते हैं कि उसे बिकने नहीं देंगे।”उन्होंने यह भी कहा कि संपूर्ण क्रांति का नारा आज भी प्रासंगिक है और देश तभी खुशहाल होगा जब समाजवादी मूल्यों से चलेगा। “हमारा सिद्धांत नहीं बदला है, सिद्धांत कभी नहीं बदलता है। जितना हम जमीन पर काम करेंगे, उतनी ही हमारी लड़ाई सफल होगी। इसलिए जमीन पर ही संघर्ष करेंगे।”

JPNIC और सोशलिस्ट म्यूजियम का महत्व
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा “पूरे देश में एक सोशलिस्ट लीडर को समर्पित JPNIC से बेहतर म्यूजियम और स्मारक नहीं रहा होगा।”उन्होंने यह भी जोड़ा कि यह म्यूजियम केवल स्मृति नहीं, बल्कि संपूर्ण क्रांति और समाजवादी विचारधारा को जीवित रखने का प्रतीक है।

विदेश नीति और तालिबान पर टिप्पणी
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने हाल ही में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के भारत दौरे और भारत-तालिबान संबंधों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा “आज एक वीडियो देखा कि तालिबान के मिनिस्टर हमारे फॉरेन मिनिस्टर को रिसीव कर रहे हैं और हमारे मुख्यमंत्री जी तालिबान के लिए क्या कहते हैं?”

देश और राजनीति पर बयान
अखिलेश यादव ने चुनाव, महिला अधिकार और न्याय प्रणाली पर भी अपनी राय व्यक्त की। बिहार चुनाव में महिलाओं को बराबर का अधिकार देने पर ज़ोर “आधी आबादी के बिना कोई भी समाज खुशहाल नहीं हो सकता है।” बीजेपी पर निशाना साधकर बोले “भारतीय जनता पार्टी के लोग PDA से घबराए हुए लोग हैं। जातीय समीकरण की होशियारी करते हैं और जब उसी से हारने लगते हैं तो हाईकोर्ट भागते हैं।”

पुलिस और न्याय प्रणाली पर जताई चिंता
पुलिस और न्याय प्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि”यह गंभीर विषय है कि एक आईपीएस अधिकारी ने आत्महत्या कर ली, और जाति के आधार पर उसे अपमानित किया जा रहा है, और एक चीफ जस्टिस पर जूता फेंकना, इससे खराब बात देश के लिए क्या हो सकती है।”

समाजवादी अधिवक्ता सभा के परिवार को आर्थिक सहायता
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के निर्देश पर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने समाजवादी अधिवक्ता सभा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव स्वर्गीय राकेश यादव के परिवार को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। इस प्रतिनिधिमंडल में कृष्ण कन्हैया पाल, रामशरण नागर, नरेंद्र वर्मा, रविन्द्र यादव,राकेश यादव, उमाकांत आदि मौजूद थे।

सोशलिस्ट आदर्शों पर कायम रहने का संदेश
सपा अखिलेश यादव ने समाजवादी अधिवक्ताओं से शिष्टाचार मुलाकात में कहा कि सपनों का समाज तभी साकार होगा, जब जमीन पर काम होगा। उन्होंने समर्पित कार्यकर्ताओं को समाजवादी मूल्यों के प्रचार और जनहित के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
