इस दुखद घटना से हर हिन्दुस्तानी दुखी, दुनिया में भारत की सेना सबसे मजबूत, भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल से नफरत फैलाने को जारी किया कार्टून, कभी माफ नहीं करेगी जनता, देश की सुरक्षा के मामले में सरकार को बताया विफल
भाजपा सरकार ने किसान और युवाओं के साथ किया धोखा, बीजेपी को किसानों से अधिक उद्योगपतियों की चिंता
लखनऊ/ मैनपुरी : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने सरकार के किसान, नौजवान और देश की सुरक्षा के मामले में विफल बताया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव मैनपुरी के खिरिया गांव में स्वर्गीय श्रीपाल यादव की प्रतिमा का अनावरण करने पहुंचे थे। यह आयोजन पार्टी के वरिष्ठ नेता की स्मृति में श्रद्धांजलि स्वरूप आयोजित किया गया था। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, “श्रीपाल यादव समाजवादी पार्टी के समर्पित और सिद्धांतनिष्ठ नेता थे। उन्होंने पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया। आज उनका स्मारक स्थापित कर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है।”
पहलगाम आतंकी हमला सुरक्षा चूक और इंटेलिजेंस का फेल्योर

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा, “यह एक स्पष्ट इंटेलिजेंस फेल्योर है। समय रहते सुरक्षा और मेडिकल सुविधा नहीं मिल सकी। पर्यटकों की सुरक्षा का जिम्मा सरकार का था। जिसमें वह पूरी तरह असफल रही।”उन्होंने कहा कि “जब भाजपा खुद लोगों को कश्मीर घूमने के लिए प्रेरित कर रही थी, तब सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?” उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक फायदा उठाने और नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “सोशल मीडिया पर जो कार्टून जारी किया गया है। उसके लिए भाजपा को देश माफ नहीं करेगा।”
भाजपा पर तीखा हमला, किसानों और युवाओं के मुद्दे उठाए

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि “किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य नहीं मिल रहा। सरकारी गेहूं खरीद केंद्रों पर कोई व्यवस्था नहीं है। सरकार उद्योगपतियों और आढ़तियों के साथ मिलकर किसानों को ठग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गेहूं की कीमतें नियंत्रित करने के लिए आढ़तियों पर दबाव बना रही है। जिससे किसानों को घाटा हो रहा है और उद्योगपति मुनाफा कमा रहे हैं।
सेना और अग्निवीर योजना पर सवाल

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “देश की सेना दुनिया की सबसे बहादुर सेना है, जो 50 डिग्री से लेकर -0 डिग्री तक के तापमान में सीमा की सुरक्षा करती है, लेकिन भाजपा सरकार बजट बचाने के नाम पर सेना में भर्ती नहीं कर रही। एक लाख से ज्यादा जवानों की कमी की चर्चा है।”देश की सुरक्षा पहले होनी चाहिए। उन्होंने ‘अग्निवीर योजना’ को लेकर चिंता जताई और कहा कि यह नौजवानों के भविष्य के साथ धोखा है। “देश का युवा स्थायी नौकरी और वर्दी चाहता है, न कि ठेके पर चार साल की सेवा,”।
शहीदों के सम्मान को लेकर नेताजी की सोच उल्लेखनीय

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने कहा कि जब स्वर्गीय नेता जी (मुलायम सिंह यादव) देश के रक्षा मंत्री थे, तब उन्होंने निर्णय लिया था कि “शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके घर पहुंचाया जाएगा, चाहे इसके लिए कितना भी बजट क्यों न लगे।” उन्होंने इसे “गरीबों और किसानों के बेटे के प्रति नेताजी की संवेदनशीलता” बताया।
‘देश के दुश्मनों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जरूरत’

उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि देश का सवाल है। “समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दल इस दुखद घटना पर केंद्र सरकार के साथ हैं, लेकिन सरकार को ठोस और कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हो। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं मैनपुरी जिलाध्यक्ष आलोक शाक्य, पूर्व विधायक राजकुमार यादव राजू, समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
