एक लाख का इनामी डकैत इफ्तिखार उर्फ सोल्जर एनकाउंटर में ढेर,SOG सिपाही घायल, भोजीपुरा थाना क्षेत्र में तड़के हुई मुठभेड़, SSP अनुराग आर्य की टीम का बड़ा एक्शन
बरेली : यूपी की बरेली पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के नैनीताल हाईवे पर बिलवा कृषि फार्म के पास हुई मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी डकैत इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान मारा गया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में यह कुख्यात बदमाश ढेर हो गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। मुठभेड़ के दौरान SOG हेड कॉन्स्टेबल राहुल गोली लगने से घायल हुए। उनको तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानें कुख्यात डकैत का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार, इफ्तिखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान पर 19 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जिनमें हत्या, डकैती और लूट जैसे संगीन अपराध शामिल हैं। इस पर सात जिलों में मामले दर्ज थे और यह पुलिस कस्टडी से आठ साल तक फरार रहा था। कभी इस पर 50,000 का इनाम था, जिसे बढ़ाकर एक लाख कर दिया गया था। साल 2006 में फरीदपुर के पचौमी मंदिर में हुई डकैती और पुजारी हत्या के मामले में भी इसका नाम सामने आया था। सबसे हाल में, 2024 में बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में हुई डकैती में यह मुख्य आरोपी था।
ऐसे हुआ एनकाउंटर
SSP अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश इफ्तिखार अपने साथी के साथ बिलवा इलाके में दिखाई दिया है। सूचना मिलते ही SOG और तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें इफ्तिखार उर्फ शैतान गोली लगने से घायल हो गया। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके से बरामद सामान
पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा सा बरामद किया है। इसमें एक 32 बोर की पिस्टल,दो मैगजीन,17 जिंदा कारतूस, 28,000 रुपये नगद,एक मोबाइल फोन, और बिना नंबर की HF डीलक्स बाइक बरामद हुई है।
SSP अनुराग आर्य बोले
बरेली के SSP अनुराग आर्य ने कहा “यह कार्रवाई बरेली पुलिस की सख्त नीति का हिस्सा है। अपराधियों के लिए अब सिर्फ दो रास्ते हैं, या तो सरेंडर करो, या फिर नतीजे भुगतो।इफ्तिखार जैसे अपराधी का अंत इस बात की मिसाल है कि कानून से भागना अब नामुमकिन है।” एनकाउंटर के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में कंबिंग ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फरार साथी की तलाश में SOG और थाना पुलिस की संयुक्त टीम लगाई गई है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
