लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का पूरा सरकारी तंत्र भ्रष्टाचार में डूब चुका है। भाजपा नेताओं और अफसरों की मिलीभगत से प्रदेश में “लूट का राज” चल रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश को खोखला बना दिया है। शासन -प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण खत्म हो चुका है। “जहां भी भाजपा नेताओं और अधिकारियों को मौका मिल रहा है, वे दोनों हाथों से जनता का पैसा लूट रहे हैं,” अखिलेश ने कहा।
जीएसटी घोटाले से उजागर हुआ सिस्टम का काला चेहरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने जीएसटी विभाग के अधिकारियों के भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह घोटाला भाजपा की कार्यप्रणाली को उजागर करता है। “अधिकारियों ने सैकड़ों करोड़ की काली कमाई कर नामी -बेनामी संपत्तियां खरीदी हैं। कई जिलों में जमीनों की अवैध खरीद -फरोख्त भाजपा नेताओं की मिलीभगत से हो रही है,” उन्होंने कहा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि अयोध्या, गोरखपुर और वाराणसी जैसे शहरों में भाजपा समर्थकों ने रजिस्ट्रियों के जरिए चंद घंटों में करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाया, और सरकार इस पर आंखें मूंदे बैठी है।
“हर योजना में घोटाला, हर विभाग में कमीशनखोरी”
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा राज में अवैध खनन, भूमि कब्जा और निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार आम बात हो गई है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा जल जीवन मिशन “जन सेवा नहीं, लूट की योजना” बन चुका है। कई जिलों में पानी की टंकियां और पाइपलाइनें फट चुकी हैं। “सड़कें बनते ही उखड़ जाती हैं, और गड्ढामुक्त अभियान खुद गड्ढों में गिर गया है।”अखिलेश ने कहा कि भाजपा शासन में “बेईमानी और लूट की मशीनरी संस्थागत रूप ले चुकी है।”
“जनता 2027 में भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी”
सपा प्रमुख ने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से त्रस्त जनता अब बदलाव के मूड में है।“2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेगी। जब तक भाजपा हटेगी नहीं, तब तक भ्रष्टाचार, अत्याचार और अन्याय से मुक्ति संभव नहीं,” अखिलेश ने कहा।
“भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और जनता के धन की लूट से त्रस्त जनता अब परिवर्तन चाहती है। समाजवादी पार्टी जनता की आवाज बनकर खड़ी है।”
