सांसद छत्रपाल गंगवार और मेयर डॉ. उमेश गौतम पवन विहार विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन करते हुए।
नई बिजली सुविधा से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
बरेली: पवन विहार, हरुनगला और जगतपुर क्षेत्र के लोगों को अब बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने जा रही है। रविवार को बिजनेस प्लान 2024-25 के तहत 12.5 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नया विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम और विधायक संजीव अग्रवाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इसका शुभारंभ किया।
उपकेंद्र की तकनीकी जानकारी
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि पवन विहार उपकेंद्र में दो 5 एमवीए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। यह उपकेंद्र बालीपुर और राधामाधव से 33 केवी की लाइन से जोड़ा गया है। इस नए उपकेंद्र से लगभग 40 हजार उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी। उपकेंद्र चालू होने के बाद, ओवरलोड चल रहे हरुनगला और जगतपुर उपकेंद्रों पर दबाव कम होगा, जिससे ये दोनों अंडरलोड हो जाएंगे।
लो वोल्टेज और बिजली कटौती की समस्या होगी खत्म
ज्ञान प्रकाश ने बताया कि नए उपकेंद्र के शुरू होने से उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और बिजली कटौती जैसी परेशानियों से निजात मिलेगी।
इस मौके पर मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश, अधीक्षण अभियंता ज्ञानेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता सत्येंद्र चौहान, राजवीर सिंह, नितिन कुमार, रामलाल, सहायक अभियंता रविंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
