बरेली : यूपी के बरेली में रविवार सुबह उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब तेज रफ्तार कार सीधे इमरजेंसी वार्ड के गेट में जा घुसी। हादसा इतना भयंकर था कि गेट के बाहर रखे गमले, स्ट्रेचर और रेलिंग तक चकनाचूर हो गए। गनीमत यह रही कि उस समय वहां मरीजों और तीमारदारों की भीड़ नहीं थी, वरना एक बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।
जानें हादसे का पूरा मामला
सुबह करीब 8 बजे एक सफेद रंग की कार अस्पताल के मुख्य गेट से अंदर दाखिल हुई। चश्मदीदों के अनुसार, चालक ने परिसर में भी रफ्तार नहीं रोकी और सीधे इमरजेंसी ओपीडी के सामने पोल से टकरा गया। जोरदार आवाज़ सुनकर अस्पताल कर्मी और मरीजों के परिजन मौके पर दौड़े, तो देखा कि कार में दो पुलिस सिपाही सवार थे। इनके नाम रोहित राणा और पुष्पेंद्र सिंह बताए गए हैं। दोनों सिपाही सेंटर जेल बरेली में तैनात हैं, और जिला अस्पताल में भर्ती एक बंदी की सुरक्षा ड्यूटी पर आए थे।
देखें पूरा वायरल वीडियो….
नशे में थे दोनों सिपाही
अस्पताल कर्मचारियों और चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों सिपाही नशे में धुत थे। उन्होंने न सिर्फ तेज रफ्तार में कार चलाई बल्कि दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गए। हादसे में एक तीमारदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई है।
जेल अधीक्षक की सख्त कार्रवाई
बताया जाता है कि घटना की जानकारी मिलते ही जेल अधीक्षक विपिन कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों सिपाहियों को तुरंत निलंबित (Suspend) करने के आदेश जारी कर दिए। मगर, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों ने मीडिया की बताया कि “दोनों सिपाहियों की ड्यूटी शिफ्टिंग के दौरान यह घटना हुई। शराब के नशे में ड्यूटी पर रहना बेहद गंभीर लापरवाही है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच और FIR की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।”
अस्पताल प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा
हादसे के बाद जिला अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी वार्ड के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी है। अब अस्पताल परिसर में वाहन एंट्री पर सख्त नियंत्रण रहेगा। इसके साथ ही, अस्पताल ने पूरे मामले की रिपोर्ट संबंधित विभाग को भेज दी है।
