बरेली : यूपी के बरेली जिले में शुक्रवार को मौलाना तौकीर रजा खां के प्रदर्शन और पैदल मार्च के ऐलान के बाद पुलिस प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। एसएसपी अनुराग आर्य ने पूरे जिले का सुरक्षा ब्लूप्रिंट तैयार किया है, और शहर के बाहर आने-जाने वाले रास्तों की नाकेबंदी कर दी गई है।
चप्पे-चप्पे पर खाकी का पहरा

बरेली पुलिस ने शुक्रवार को होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर पूरे जिले में सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। शहर की सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील जगहों पर बैरियर लगाये जा रहे हैं। एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि सुरक्षा इतनी कड़ी होगी कि परिंदे को भी पर मारने की अनुमति नहीं होगी।
शहर को सेक्टर और सब सेक्टर में बांटा गया है।
प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी एडिशनल एसपी और एडीएम रैंक के मजिस्ट्रेट के पास होगी। सब सेक्टर की निगरानी सीओ और एसडीएम करेंगे। रूफटॉप ड्यूटी और ड्रोन निगरानी होगी। बरेली में रूफटॉप ड्यूटी के लिए विशेष पुलिस दस्ते तैनात किए गए हैं। वहीं ड्रोन के माध्यम से शहर की आकाशीय निगरानी की जा रही है। सभी गली-मोहल्लों में सीसीटीवी कैमरे सक्रिय हैं। मोबाइल पुलिस टीमें वीडियोग्राफी के साथ लगातार गश्त कर रही हैं। सिविल ड्रेस में पुलिस की टीमें माहौल की हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं।
एसएसपी ने यह दी चेतावनी
एसएसपी ने चेतावनी दी कि उपद्रवी चाहे किसी रूप में हों, तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजे जाएंगे। अफवाह फैलाने वालों पर भी गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन में नाबालिग बच्चों को शामिल करना साजिश मानी जाएगी। वीडियोग्राफी से सबूत जुटाकर बच्चों के माता-पिता पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।
गली-मोहल्लों में खुराफातियों की कुंडली
पुलिस ने पिछले वर्षों में प्रदर्शन में उत्पात मचाने वाले खुराफातियों की पूरी कुंडली तैयार कर ली है। पुराने मुकदमों और शिकायतों के आधार पर ऐसे लोगों पर गुंडा और गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई होगी। कोई भी अफवाह या हिंसा करने पर तुरंत जेल भेजा जाएगा।
मौलाना तौकीर रजा का ऐलान और पुलिस अलर्ट
मौलाना तौकीर रजा ने शुक्रवार को इस्लामिया मैदान से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण मार्च का ऐलान किया है। उन्होंने जुमा की नमाज के बाद एकजुटता की अपील की है। हालांकि, आयोजक इसे शांतिपूर्ण बता रहे हैं, पुलिस प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
