अलीगढ़ हाईवे पर मौत का तांडव! कार-कैंटर में आग, 5 जिंदा जले
अलीगढ़/लखनऊ : मंगलवार को अलीगढ़-कानपुर हाईवे पर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। अकराबाद थाना क्षेत्र में कार और कैंटर की आमने-सामने भिड़ंत में पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई।
जानें कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक कार एटा से अलीगढ़ की ओर जा रही थी। कैंटर अलीगढ़ से एटा की तरफ आ रहा था। कार की रफ्तार करीब 100 kmph थी। अचानक टायर फट गया और कार बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में चली गई। सामने से आ रहे कैंटर से उसकी टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद भयावह मंजर
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि धमाका हुआ और दोनों वाहनों में आग लग गई। कुछ ही सेकंड में लपटों ने पूरी कार और कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद लोग शोर सुनकर पहुंचे और तुरंत पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग 20-25 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझाई। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में कैंटर चालक, एक महिला, एक बच्चा और एक पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने शवों को मोर्चरी भिजवा दिया है। शव पूरी तरह जल जाने से उनकी पहचान मुश्किल हो गई है। कार की नंबर प्लेट भी जल गई है, अब चेसिस नंबर से पहचान की कोशिश हो रही है।
जांच में जुटी पुलिस
अलीगढ़ पुलिस ने मीडिया को बताया कि यह बेहद दर्दनाक हादसा है। शवों की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना देने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
