घर से निकला था ड्यूटी को, मृतक के भाई ने चुनावी रंजिश में हत्या की जताई आशंका
बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र के सकरस गांव के जंगल में रविवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां रोहनिया गांव के प्रधान कपिल देव शर्मा के भाई देवव्रत शर्मा (27 वर्ष) का शव संदिग्ध हालात में पेड़ से लटका मिला। मगर, घुटने जमीन पर टिके थे। मृतक के भाई कपिलदेव शर्मा ने “The Justice HINDI ” को बताया कि भाई घर से ड्यूटी जाने को निकले थे। मगर, नहीं पहुंचे। उनको फोन मिलाया, तो फोन उठा, लेकिन कोई आवाज नहीं आई। उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक था। मगर, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही आएगा। हालांकि, उन्होंने चुनावी रंजिश में हत्या की आशंका जताई।
ग्रामीणों ने दोपहर में देखा शव
रविवार दोपहर करीब 11:30 बजे ग्रामीणों ने शव को आम के पेड़ पर फंदे से लटकता देखा। इसकी सूचना तत्काल बहेड़ी पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान चंद्रसेन के पुत्र देवव्रत शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। इसमें पुलिस को घटनास्थल से जहर की बोतल बरामद हुई। मृतक के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस ने उसका मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बहेड़ी कोतवाल संजय सिंह तोमर ने मीडिया को बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आत्महत्या और हत्या – दोनों एंगल से मामले की जांच कर रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को मामले की गहराई से जांच करनी चाहिए।
