बरेली में दौड़ा युवाओं का जोश! डिप्टी सीएम ने दिखाई हरी झंडी, विपक्ष पर बोला हमला
बरेली : यूपी के डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने दो बड़े मुद्दों पर रविवार को बयान दिया। बोले – अपराधियों पर योगी सरकार का सख्त संदेश है। डिप्टी सीएम ने कहा कि “अपराधियों को उनकी औकात दिखा दी गई है। दो बदमाश एनकाउंटर में ढेर कर दिए गए, और बाकी जेल में हैं। योगी सरकार में अपराध और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है।” उन्होंने दावा किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में योगी सरकार लगातार सफल रही है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर हमला
राहुल गांधी को ‘कंफ्यूज्ड नेता’ बताते हुए कहा कि “उन्हें खुद नहीं पता कि वे करना क्या चाहते हैं और कहां खड़े हैं।”सपा प्रमुख को निशाने पर लेते हुए कहा कि “उनकी सरकार में जंगलराज का आरोप लगाया, गुंडे और माफिया बेलगाम थे। भाजपा सरकार ने अपराधियों को जेल और प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखाया।”
नमो युवा रन में 10 हज़ार बच्चों ने भरी दौड़
सुबह भाजपा युवा मोर्चा द्वारा नमो युवा रन का आयोजन किया गया। डिप्टी सीएम ने हरी झंडी दिखाकर 5 किलोमीटर लंबी मैराथन की शुरुआत की। करीब 10,000 बच्चों ने इसमें हिस्सा लिया। विजेताओं को 5100, 3100 और 2100 का नकद पुरस्कार दिया गया। 3 प्रतिभागियों को 1000 प्रोत्साहन राशि भी दी गई। सभी बच्चों को टी-शर्ट व प्रतिभाग प्रमाणपत्र दिया गया। कार्यक्रम की कमान भाजयुमो महानगर अध्यक्ष अमन सक्सेना और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी चंचल मिश्रा ने संभाली। बच्चों के लिए नाश्ता, पानी और मेडिकल सुविधा का विशेष इंतज़ाम किया गया।
डिप्टी सीएम बोले – सेवा पखवाड़े का हिस्सा
डिप्टी सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस (17 सितंबर) से लेकर 2 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में बरेली में यह मैराथन आयोजित की गई। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने युवाओं के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं और आज युवा राजनीति व राष्ट्रनिर्माण में बड़ी संख्या में आगे आ रहे हैं।
