धार/दिल्ली/लखनऊ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार जिले के भैंसोला गांव पहुंचे। यहां उन्होंने पीएम मित्र पार्क की आधारशिला रखी और कई विकास योजनाओं की सौगात दी। करीब 40 मिनट के भाषण में पीएम मोदी ने आतंकवाद, पाकिस्तान, महिलाओं का स्वास्थ्य, गरीबी उन्मूलन, विकास और स्वदेशी पर जोर दिया।
आतंकवाद और पाकिस्तान पर हमला
पीएम मोदी ने कहा कि भारत किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता, और हमारे वीर जवानों ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी बहनों-बेटियों को नुकसान पहुँचाया, लेकिन भारतीय सेना ने उन्हें पलकों झपकते ही जवाब दिया। पीएम ने कहा कि कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी ने रो-रोकर अपनी हार मानी।
महिलाओं के स्वास्थ्य और महाअभियान
पीएम मोदी ने कहा कि माँ भारती और नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति की रीढ़ हैं। उन्होंने मध्यप्रदेश से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महाअभियान की शुरुआत की। इसका उद्देश्य है कि महिलाओं को किसी भी बीमारी का सही समय पर पता चल सके और उन्हें स्वस्थ रखा जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री मातृवंदना योजना और सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग अभियान का भी जिक्र किया। एमपी में अब तक 5 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है।
गरीबी उन्मूलन और गरीब कल्याण
पीएम मोदी ने कहा कि गरीब की सेवा मेरा जीवन उद्देश्य है। पिछले 11 वर्षों के प्रयासों से 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने मुफ्त राशन योजना, पीएम आवास योजना, मुद्रा योजना और लखपति दीदी अभियान के आंकड़े साझा किए। ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ड्रोन दीदी और महिला सखी के रूप में केंद्र में लाया जा रहा है।
स्वदेशी और विकसित भारत का संदेश
पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य है, और इसके लिए आत्मनिर्भर भारत की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पाद खरीदने और अपनाने की अपील की, ताकि हर वस्तु में हिंदुस्तानी का पसीना और मिट्टी की खुशबू शामिल हो।
