नोएडा/लखनऊ : यूपी के ग्रेटर नोएडा में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सूरजपुर कस्बे में कंपनी स्टाफ को लेने जा रही एक बस अचानक भीषण आग की चपेट में आ गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरी बस धधक उठी और जलकर खाक हो गई। गनीमत यह रही कि उस वक्त बस में ड्राइवर के अलावा कोई और मौजूद नहीं था। वरना यह हादसा बहुत बड़ा रूप ले सकता था। बस चालक ने समय रहते चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जाने घटना का पूरा विवरण
जानकारी के मुताबिक, यह बस मदरसन कंपनी के कर्मचारियों को लेने के लिए जा रही थी। सुबह करीब 5 बजे जैसे ही बस सूरजपुर कस्बे के पेट्रोल पंप के पास पहुंची। उसमें अचानक आग लग गई। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि बस की सीएनजी किट में शॉर्ट सर्किट होने से यह आगजनी हुई।।आग लगते ही ड्राइवर ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी से छलांग लगा दी और अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पूरी बस जलकर राख हो चुकी थी। थाना सूरजपुर पुलिस ने बताया कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
अफरा-तफरी का माहौल
इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में हड़कंप मच गया। पेट्रोल पंप के पास बस में लगी आग ने लोगों को डरा दिया। लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।
