यूपी विधानसभा चुनाव – 2027 होगा निर्णायक, बहुजन समाज के प्रमुख लोगों से आगे आने का आह्वान
बरेली : आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) का बुधवार को संजय कम्युनिटी हॉल में प्रबुद्ध जन सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आजाद समाज पार्टी कांशीराम के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा क्षेत्र के सांसद चन्द्रशेखर आजाद ने कहा कि यह सम्मेलन बहुजन समाज के अधिकार, आत्मसम्मान और भविष्य की दिशा तय करने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने समाज को अपने अस्तित्व को समझते हुए भाईचारा बढ़ाने और एकजुट रहने का संदेश दिया। चन्द्रशेखर आजाद ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल बहुजन समाज को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2027 का चुनाव बहुजन समाज के लिए बेहद निर्णायक होगा। इसलिए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा।
सम्मेलन संवाद का मंच नहीं, चुनावी रणनीतिक की तैयारी
उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन सिर्फ संवाद का मंच नहीं है, बल्कि आने वाले चुनाव के लिए एक रणनीतिक तैयारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आव्हान किया कि वे गांव-गांव जाकर समाज को जागरूक करें और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करें। इस दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व एमएलसी सुनील चित्तौड़, प्रदेश उपाध्यक्ष अच्छन अंसारी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे और बहुजन समाज की मजबूती पर बल दिया।
बहुजन समाज को लाएंगे एक प्लेटफॉर्म पर
सांसद चंद्रशेखर ने कहा कि हम लोगों को बहुजन समाज को एक प्लेटफार्म पर लाने की जरूरत है, जब किसी समाज के प्रमुख लोग एकत्र होकर समाज के बारे में सोचते हैं, तो वह समाज तरक्की करता है। समाज के पढ़े-लिखे लोगों को मेहनत करने की जरूरत है, और उनको सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास करने की जरूरत है।
