बरेली : बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग की जांच में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है। जिस अपाचे बाइक का इस्तेमाल घटना में किया गया था, उसकी नंबर प्लेट पर पेंट लगाकर पहचान छिपाई गई थी। पुलिस को आशंका है कि बाइक चलाने वाला ही उसका मालिक हो सकता है, यही वजह है कि आरोपी फरार होने के बावजूद बाइक नहीं छोड़कर गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पेशेवर अपराधी आम तौर पर चोरी की बाइक या कार का इस्तेमाल कर घटना को अंजाम देते हैं और फिर वाहन बदलकर भाग जाते हैं। लेकिन इस मामले में वाहन मालिकाना हक और स्थानीय नेटवर्क की संभावना जताई जा रही है।
जानें पूरा मामला
घटना 12 सितंबर की रात करीब 3:30 बजे की है, जब दो बदमाश अपाचे बाइक से पहुंचे और दिशा पाटनी के घर पर कई राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। इसके बाद आरोपी मिनी बाइपास से नैनिताल रोड होते हुए भोजीपुरा के रास्ते लापता होने की बात सामने आ रही है। फायरिंग की वजह अभिनेत्री की बहन खुशबू पाटनी की रिलेशनशिप पर जारी की गई वीडियो बताई जा रही है। कथावाचक अनिरुद्धाचार्य की टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर विवाद बढ़ा और गोल्डी बरार गिरोह से जुड़े लोगों ने धमकी भरे पोस्ट साझा किए।
उत्तराखंड की तरफ भागने की उम्मीद
पुलिस का कहना है कि घटना का समय और तरीका पेशेवर अपराधियों जैसा नहीं था। इसके बावजूद प्रयुक्त पिस्टल छोटे अपराधियों की पहुंच से बाहर की बताई जा रही है। इससे आशंका जताई जा रही है कि रोहित गोदारा और गोल्डी बरार गैंग ने स्थानीय युवकों को हायर कर घटना कराई। इसके साथ ही पुलिस रुद्रपुर कनेक्शन की भी जांच कर रही है। आशंका है कि आरोपी भोजीपुरा से निकलकर रुद्रपुर की ओर भागे हैं, जहां बड़ी संख्या में फैक्ट्री और मजदूर रहते हैं, जिनमें आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोग भी शामिल हो सकते हैं।
पुलिस का बयान
एसपी सिटी मानुष पारिक ने मीडिया को बताया, “बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और रुद्रपुर भेजी गई हैं। कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
