सपा ने पीड़ित परिवारों के प्रति व्यक्त की गहरी संवेदना, भाजपा का रवैये बताया अमानवीय
लखनऊ : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में दर्दनाक आतंकी हमले के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रचार-सामग्री और विज्ञापनों को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कड़ा और भावनात्मक बयान जारी किया है। उन्होंने भाजपा पर गम्भीर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा ने इस दुखद हादसे पर भी “बचकाना विज्ञापन” छापकर यह सिद्ध कर दिया है कि उन्हें न शहीदों की चिंता है, न पीड़ितों की पीड़ा का कोई एहसास। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा यदि अब अपने प्रचार को वापस भी लेती है तो यह ‘पाप’ माफ नहीं किया जाएगा। यहां तक कि उनके कट्टर समर्थक भी उन्हें इसके लिए नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा हर त्रासदी को सियासी लाभ के अवसर में बदलने का प्रयास करती है। “भाजपा अपनी सत्ता के सिवा किसी की सगी नहीं है।”
केंद्र सरकार पर सीधा आरोप
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जब जम्मू-कश्मीर में भाजपा की सरकार है और सभी निर्णय वही ले रही है, तो ऐसे में आम नागरिकों की मौत की जिम्मेदारी से वो नहीं बच सकती। उन्होंने पूछा कि यदि सरकार को पहले से अंदेशा नहीं था कि आतंकवादी इस प्रकार की वीभत्स घटना को अंजाम देंगे, तो यह उनकी खुफिया नाकामी और रणनीतिक असफलता को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि “अगर भाजपा सरकार ने पहले के हमलों से कोई सबक लिया होता, तो शायद ये हमला टल सकता था। ये दुख की घड़ी दिखावटी बैठकों और झूठी संवेदनाओं से नहीं मिटाई जा सकती।”
पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
सपा अध्यक्ष ने यह सवाल भी उठाया कि भाजपा जब देश भर के नागरिकों को जम्मू-कश्मीर भ्रमण के लिए प्रेरित कर रही है, तो फिर उनकी सुरक्षा की पूरी व्यवस्था पहले से क्यों नहीं की गई? उन्होंने कहा कि हमला किसी दूर-दराज के इलाक़े में नहीं, बल्कि एक प्रमुख पर्यटन स्थल पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहले से मौजूद थे।
रक्षा नीति पर तीखी टिप्पणी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा की सुरक्षा नीति की भी आलोचना की और कहा कि “सुरक्षा बलों की कमी, घटिया उपकरण, और अग्निवीर योजना जैसी घोषणाएं देश की सुरक्षा के साथ किया गया समझौता हैं।” उन्होंने दो टूक कहा कि कोई भी प्रतिशोध अब उन मृतकों को वापस नहीं ला सकता, और न ही भाजपा सरकार के बहाने जनता को बहला सकते हैं।
इतिहास और भविष्य नहीं करेंगे क्षमा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि “न तो भारत की आज़ादी में भाजपाइयों का कोई योगदान रहा है, और न ही वो आज़ादी की रक्षा में योगदान दे रहे हैं।”उन्होंने चेताया कि देश का इतिहास और भविष्य दोनों भाजपा को इस अक्षम्य कृत्य के लिए माफ नहीं करेंगे।
नागरिकों को दी श्रद्धांजलि
उन्होंने हमले में मारे गए सभी नागरिकों को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों के प्रति सच्ची संवेदना प्रकट की। बोले, “दुख की इस घड़ी में हम पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं।”
