सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “पहलगाम की घटना ने झकझोर दिया, घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा की मांग”
लखनऊ : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भयावह आतंकी हमले को लेकर आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में गहरा शोक व्यक्त किया गया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की अध्यक्षता में एक शोकसभा आयोजित की गई। इसमें शहीद नागरिकों को श्रद्धांजलि दी गई और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर प्रार्थना की गई।
अखिलेश यादव ने व्यक्त किया दुख और आक्रोश
शोकसभा को संबोधित करते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि “जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुआ आतंकी हमला अत्यंत निंदनीय और दिल दहला देने वाला है। इसकी भयावह तस्वीरें देखकर देश का हर नागरिक व्यथित है।”उन्होंने इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और कहा कि “घायलों को देश की सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उनके जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा के लिए सरकार को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।”
केंद्र सरकार को ज़िम्मेदारी निभाने की सलाह
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि “सबसे जरूरी है कि केंद्र सरकार जम्मू-कश्मीर में एक स्थायी और प्रभावशाली सुरक्षा वातावरण बनाए। जिससे आम नागरिकों और पर्यटकों का जीवन सुरक्षित रह सके। केवल सुरक्षा बैठकों और राजनीतिक बयानों से समाधान नहीं निकलेगा।”
सपा के प्रमुख नेता रहे मौजूद
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, सांसद राजीव राय, नीरज मौर्या, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य राजेन्द्र चौधरी, विधायक इकबाल महबूब, महबूब अली, पूर्व मंत्री पवन पाण्डेय, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद संजय लाठर सहित अन्य कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
