मातम में बदलीं खुशियां, कुछ महीने बाद होनी थी मृतक की शादी, परिवार में कोहराम
बरेली : यूपी के बरेली देहात के बहेड़ी में बारात में खाने को लेकर हुआ मामूली विवाद अचानक जानलेवा बन गया। बहेड़ी बाईपास पर बने बारात घर में देर रात एक युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि तीन युवकों ने मिलकर पहले हाथापाई की और फिर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना से शादी की खुशियाँ मातम में बदल गईं। मृतक के परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। बताया जाता है कि मृतक की कुछ महीने बाद शादी होनी थी। इसकी तैयारियां चल रहीं थीं।
जानें पूरी घटना
थाना बहेड़ी के नबी नगर निवासी कमल हसन ने पुलिस को बताया कि उनका 24 वर्षीय साला शानू पुत्र मेहदी हसन अपने भाई के साले जलीस की शादी में शामिल होने बहेड़ी बाईपास पर गया था। बारात के दौरान खाने को लेकर उसका जुनैद, शकील और एक अन्य युवक से विवाद हो गया। आरोप है कि तीनों ने मिलकर शानू को घेर लिया। शकील और उसके साथी ने पकड़ लिया, जबकि जुनैद ने चाकू से पेट में ताबड़तोड़ वार कर दिए। घायल शानू को राहगीरों की मदद से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए।
आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मृतक के परिजनों ने बहेड़ी थाने में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। इंस्पेक्टर बहेड़ी ने कहा कि अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं
शानू की कुछ महीने पहले शादी तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियाँ चल रही थीं, लेकिन अब मातम पसरा है। परिजन और मोहल्ले के लोग ग़मगीन हैं। मृतक के परिवार में पाँच भाई -बहन हैं और वह कबाड़ का काम कर अपने परिवार का पालन करता था। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का बयान
बहेड़ी पुलिस का कहना है कि संदर्भित प्रकरण में थाने पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत है। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रचलित है।
