फोन पर विवाद के बाद समाज कल्याण अधिकारी ने उठाया खौफनाक कदम, तीन साल के बेटे का रो-रो कर बुरा हाल
आजमगढ़ / प्रतापगढ़/लखनऊ : यूपी के आजमगढ़ जिले में तैनात जिला समाज कल्याण अधिकारी आशीष सिंह (40 वर्ष) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे केशवराय गांव में हुई। यहां उनका शव घर में फंदे से लटकता मिला। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिवार में मातम छा गया। मृतक अधिकारी प्रतापगढ़ जिले के निवासी थे और उनके पीछे तीन साल का बेटा छोड़ गए हैं। उनकी पत्नी फिलहाल सुल्तानपुर जिले में अपने मायके में रह रही थीं।
फोन विवाद के बाद आत्महत्या का अंदेशा
ग्राम प्रधान शिवाजीत सिंह के अनुसार, आशीष सिंह शनिवार को ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे। उसी दौरान पत्नी क्षमता का फोन आया और किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ। विवाद के तुरंत बाद आशीष कमरे में चले गए और फंदे से लटक गए। परिवार में मातम का माहौल है और लोग घटना को लेकर स्तब्ध हैं। घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार में कोहराम, गांव में शोक
आशीष सिंह अपने पीछे पत्नी और तीन वर्षीय बेटे को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी इस घटना से दुखी हैं। ग्राम प्रधान ने बताया कि अधिकारी का स्वभाव मिलनसार था और उनके इस कदम ने सभी को हिला दिया है। फिलहाल पुलिस घटना की हर पहलू से जांच कर रही है और फोन विवाद की पुष्टि की जा रही है।
पुलिस ने यह की कार्रवाई
नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की गहराई से जांच की जाएगी और परिवार से भी बातचीत कर मामले की पुष्टि की जाएगी। मानसिक तनाव और पारिवारिक विवाद के पहलुओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
