बरेली : बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान मंगलवार को रोटरी क्लब के कार्यक्रम में शामिल होने बरेली पहुंचे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद उन्होंने सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत की और बिहार चुनाव, कश्मीर, लोकतंत्र और संविधान जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपनी स्पष्ट राय रखी। राज्यपाल ने कहा कि बिहार में चुनाव की तैयारियां पूरी मजबूती से चल रही हैं, और चुनाव पूरी तरह कानून के दायरे में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होंगे।।उन्होंने संविधान को देश की बुनियाद बताते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल इसे कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।
देश के हर नागरिक को बोलने का अधिकार
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/L_Ld-X2zyz0?si=R1BwiUIqzk4giqkr
महागठबंधन पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट टिप्पणी नहीं की, लेकिन वोट चोरी और चुनावी गड़बड़ी पर कहा कि संविधान प्रत्येक नागरिक को बोलने का अधिकार देता है। अगर, किसी को संदेह हो तो उसकी जांच और आवश्यक कार्रवाई ज़रूर होनी चाहिए।
कश्मीर पर सख्त रुख
जम्मू-कश्मीर में हाल में हुई आतंकी घटनाओं पर राज्यपाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि आतंकियों की हिम्मत टूट चुकी है। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे घाटी सामान्य हो रही है, वैसे-वैसे आतंकी हताश होकर हिंसक घटनाओं का सहारा ले रहे हैं। भारत सरकार के कड़े जवाब से उनकी ताकत खत्म हो गई है। अब उनमें इतनी ताकत नहीं बची कि वे कश्मीर की ओर आंख उठाकर देख सकें।”
साहित्य से स्वागत, ‘तारीख -ए-इस्लाम’ भेंट
इस दौरान सर्किट हाउस में मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने अपनी लिखी किताब ‘तारीख -ए-इस्लाम’ उन्हें भेंट की। किताब देखकर राज्यपाल ने खुशी जताई और कहा कि वह इसे पटना ले जाकर विस्तार से पढ़ेंगे। उन्होंने मौलाना के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे साहित्य समाज में ज्ञान और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं।
