बरेली : यूपी के बरेली में एक बड़ी आपराधिक साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया। सरकारी अध्यापक के इकलौते बेटे को अगवा कर मोटी फिरौती वसूलने की योजना बना रहे गिरोह के मास्टरमाइंड महिला समेत 5 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कार, बाइक, तमंचा, चाकू और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं दो आरोपी अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
जानें कैसे हुआ अपहरण का प्रयास?
21 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे छात्र पीयूष साइकिल से स्कूल जा रहा था। तभी रोहिलखंड आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के पास नकाबपोश बदमाशों ने नीली कार और बाइक से उसे रोक लिया और कार में खींचने की कोशिश की। पीयूष ने शोर मचाया, और किसी तरह भागकर पास की रामगंगानगर कॉलोनी में पहुंच गया। लोगों की भीड़ देखकर अपहरणकर्ता मौके से फरार हो गए।
यह हुए गिरफ्तार
बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई कर राजिक अंसारी निवासी फरीदपुर, लारेब, शहर के बारादरी थाना क्षेत्र निवासी सरताज,दानिश, अशोक सम्राट नगर निवासी पूजा सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दो आरोपी मुस्तकीम और उसकी पत्नी अब भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगाई गई है।
फिरौती के लिए बनाया था प्लान
जांच में सामने आया कि आरोपी छात्र को अगवा कर फिरौती वसूलने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने समय रहते ऑपरेशन चलाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। बिथरी चैनपुर पुलिस की सतर्कता से अपहरण की कोशिश विफल हुई। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।
