बरेली : यूपी के बरेली देहात के फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने गुरुवार को एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो अपनी वास्तविक नागरिकता छिपाकर भारत में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस की कार्रवाई में आरोपी की पहचान राजू उर्फ राज मंडल मूल निवासी सुन्दर महाल, बारारिया, थाना वतिया गाटा, जिला खुलना, ढाका (बांग्लादेश) के रूप में हुई। फिलहाल वह ग्राम बल्लिया, थाना फतेहगंज पश्चिमी, बरेली में रह रहा था।
2017 में वीजा लेकर आया, फिर अवैध रूप से घुसा भारत
देखें वीडियो
https://youtu.be/6BVtBtItfPE?si=nsyM_TfttWtUReJD
पुलिस जांच में सामने आया कि राजू वर्ष 2017 में वीजा लेकर भारत आया था। 2018 में वीजा समाप्त होने के बाद वह बांग्लादेश वापस गया, लेकिन कुछ ही समय बाद अवैध रूप से चोर रास्ते से भारत में दाखिल हो गया। दिल्ली पहुंचकर उसने फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी और पैन कार्ड बनवाए और बांग्लादेशी पहचान छिपाकर भारत में रहने लगा।
बरेली में खोली डाक्टरी की दुकान
आरोपी साल 2021 में बरेली के ग्राम बल्लिया आया और किराए का मकान लेकर अवैध रूप से बस गया। उसने यहां फर्जी पहचान के सहारे एक डाक्टरी की दुकान तक खोल ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से भारत में रहकर लोगों को गुमराह कर रहा था।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद दर्ज किया मुकदमा
गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई कर राजू को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 419, 420, 467, 468, 471 भादंवि, धारा 14A व 14B विदेशी अधिनियम 1946 और धारा 35 आधार अधिनियम 2016 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
