लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ सदर और सरोजनीनगर तहसील के 12 गाँवों की जमीन अधिग्रहण कर आगरा-एक्सप्रेस-वे पर उद्योगनगर बसाने की लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) योजना से प्रभावित किसानों ने गुरुवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि उनकी जमीनें छीनी जा रही हैं और बिना उचित मुआवज़े के उन्हें बेघर किया जा रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से हस्तक्षेप कर उनकी न्यायपूर्ण मांगों को सरकार तक पहुँचाने की अपील की।
किसानों ने यह रखी मांग
किसानों ने 2 करोड़ प्रति बीघा के हिसाब से मुआवज़ा देने की मांग की। इसके साथ ही प्रत्येक किसान को 10 फीसद विकसित भूमि आवास हेतु देने, मुआवज़ा एकमुश्त देने, भूमिहीन और गरीबों को बेघर न करने, उन्हें निर्बल आवास योजना में शामिल करने,पेड़ और नलकूप का मुआवज़ा चार गुना देने, गाँवों में जल निकासी व्यवस्था, विवाह घर, मंदिर, मस्जिद, अंबेडकर पार्क, स्कूल और श्मशान भूमि की व्यवस्था करने की मांग की।
यह गांव प्रभावित
दोना, सकरा, तेजकिशनखेड़ा, मदारपुर, नकटौरा, गहलवारा, देवरी, इंद्रवारा, आदमपुर, इब्राहिमगंज, भलिया, बहरू, जालियामऊ आदि गांव प्रभावित हुए हैं। किसानों ने साफ कहा कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, लेकिन उनकी ज़मीन और जीवनयापन छीनकर उन्हें बेघर करना अन्याय है। ज्ञापन पर हीरालाल यादव, सोनू यादव, अमन कुमार, इंद्रपाल, राम मनोहर, राधे लाल, नीरज यादव, विजय पाल, ठाकुर प्रसाद, गोविंद प्रसाद, चंद्रभान, राजेश, प्रमोद पाल समेत दर्जनों किसानों के हस्ताक्षर हैं।
