पुलिस ने 117 ग्राम स्मैक के साथ युवक को किया गिरफ्तार, साथी फरार
बरेली : महंगे शौक और आईफोन खरीदने की चाहत ने एक युवक को अपराध की अंधेरी राह पर धकेल दिया। बारादरी थाना पुलिस ने ग्राम कुंडरा सुभाषनगर निवासी अमन को 117 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है, तो वहीं उसका साथी मौके से फरार हो गया।
सैटेलाइट चौराहे से पकड़ा आरोपी
थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने बताया कि पुलिस टीम नियमित गश्त के दौरान सैटेलाइट चौराहे पर मौजूद थी। शक के आधार पर एक युवक को रोका गया, और तलाशी में उसके पास से 117 ग्राम स्मैक बरामद हुई। युवक की पहचान अमन निवासी कुंडरा सुभाषनगर के रूप में हुई। गिरफ्तारी के दौरान उसका साथी गुलशन सिंह चौहान (निवासी महेशपुरा ठाकुरान) मौके से भाग निकला।
आईफोन खरीदने के लिए बना स्मैक डीलर
पुलिस पूछताछ में अमन ने खुलासा किया कि वह लंबे समय से आईफोन खरीदना चाहता था। इसी चाहत और लालच में उसने स्मैक बेचने की योजना बनाई। अमन के मुताबिक, यह माल उसे गुलशन ने उपलब्ध कराया था और दोनों ने मिलकर इसे बेचकर मुनाफा कमाने का प्लान बनाया था।
जेल भेजा गया, पुलिस को साथी की तलाश
पुलिस ने अमन को गिरफ्तार कर केस दर्ज किया और कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है, तो वहीं, फरार आरोपी गुलशन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमों को दबिश पर लगाया है।
लालच और नशे का घातक खेल
यह मामला एक बार फिर साबित करता है कि नशे का कारोबार सिर्फ लत नहीं बल्कि लालच और महंगे शौक भी युवाओं को अपराध की दलदल में धकेल रहे हैं। बरेली में बड़ी संख्या में स्मैक तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
